भाजपा का सेवा पखवाड़ा: मोदी जन्मदिवस से गांधी-शास्त्री जयंती तक होंगे कार्यक्रम, आत्मनिर्भर भारत और जीएसटी सुधार पर फोकस

Edited By Kuldeep Kundara, Updated: 11 Sep, 2025 07:46 PM

bjp s seva pakhwada

जयपुर । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस 17 सितंबर से भारतीय जनता पार्टी देश-प्रदेश में सेवा पखवाड़ा मनाएगी।

जयपुर । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस 17 सितंबर से भारतीय जनता पार्टी देश-प्रदेश में सेवा पखवाड़ा मनाएगी। सेवा पखवाड़े को लेकर गुरुवार को प्रदेश स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में सेवा पखवाड़ा, आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान और जीएसटी की नई व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ,प्रदेश प्रभारी डॉ राधामोहन दास अग्रवाल और प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।  

कार्यशाला को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि नरेंद्र मोदी की संगठन में कार्यकर्ता से देश के प्रधानमंत्री बनने तक की यात्रा हमें सिखाती है कि राष्ट्र प्रथम की चिंता, निष्ठा, परिश्रम और सेवाभाव एक साथ आते है तो असंभव को भी संभव बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि देश में गरीब और वंचित वर्ग के उत्थान के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो ऐतिहासिक कार्य किए वो अभूतपूर्व है। गरीब को पक्का घर, हर घर में शौचालय, हर गांव में बिजली, हर नागरिक तक स्वास्थ्य सेवा पहुंचाने का उनका संकल्प है। प्रधानमंत्री मोदी की दूरदर्शिता सेवाभावों को दर्शाती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत 2047 के सपने को साकार करने का आह्वान किया है, यह सेवा पखवाडा उस महान संकल्प को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। मुख्यमंत्री शर्मा दुर्गापुरा स्थित कृषि अनुसंधान केंद्र के सभागार में आयोजित सेवा पखवाडा अभियान की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे। 

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को स्वच्छता अभियान दिया, जो विश्व में एक मिशाल बनकर साबित हुआ। स्वच्छता से सफाई तो होती ही है, साथ में हमें हमारे विचारों को भी स्वच्छ रखना चाहिए। मोदी ने सामाजिक सरोकार के कार्यों को प्राथमिकता दी, सनातन संस्कृति को मजबूत किया और पर्यावरण सरंक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए है। शर्मा ने कहा कि प्रदेश की डबल इंजन सरकार भी पर्यावरण सरंक्षण की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। गत वर्ष हमने 7.5 करोड़ पौधे लगाए, इस वर्ष 11 करोड़ पौधे लगाए और पांच साल में हम प्रदेशभर में 50 करोड़ से अधिक वृक्षारोपण करेंगे। सेवा पखवाड़े के दौरान भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता बूथ स्तर पर वृक्षारोपण करेगा। 25 सितंबर को पंडित दीनदयाल जयंती और 2 अक्टूबर को शास्त्री जयंती मनाएगे। उन्होंने कहा कि शास्त्री जी के जय जवान जय किसान नारे के साथ,मोदी जी के जय जवान जय किसान और अटल जी के जय विज्ञान जय अनुसंधान मंत्र को जन जन तक पहुंचाने का कार्य करेंगे। मुख्यमंत्री शर्मा ने जीएसटी रिफॉर्म्स को लेकर कहा कि इससे गरीब, व्यापारी, उद्योगपति का लाभ मिलेगा, जनता का जीवन आसान बनेगा, व्यापार को प्रोत्साहन मिलेगा और देश की अर्थ व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने धर्मान्तरण बिल को लेकर विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस हमेशा तुष्टिकरण की राजनीति करती है, और तुष्टिकरण के आधार पर चलती है। कांग्रेसी नेताओं को इस बिल से बहुत दर्द है, अब ​यह बिल तो पास हो गया, इनको यह दर्द हमेशा झेलना पडेगा। कांग्रेसी नेता विधानसभा में लगातार गतिरोध पैदा करते रहे, विधानसभा में बोलने की बजाय इनके नेता सोशल मीडिया पर बयानबाजी करते है। ये वो लोग है जो जाति, तुष्टिकरण और भ्रष्टाचार की बात करते है लेकिन ये अब चलने वाला नहीं है। प्रधानमंत्री मोदी जी कहते है कि वे प्रधान सेवक है, हम सब जनता की सेवा कर रहे है। ऐसे में मेरा सभी से आह्वान है कि हमें सेवा पखवाड़े को समर्पित होकर मनाना है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शहरी प्रशासन शिविर, ग्रामीण प्रशासन शिविर और सहकारिता सदस्यता अभियान को लेकर भी कार्यकर्ताओं से चर्चा की।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश प्रभारी डॉ राधामोहन दास अग्रवाल ने कहा कि  भाजपा 17 सितंबर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस से 2 अक्टूबर गांधी एवं शास्त्री जयंती तक सेवा पखवाडा मनाएगी। सेवा पखवाड़े में स्वच्छता अभियान, रक्तदान​ शिविर, स्वास्थ्य शिविर, नमो मैराथन, प्रधानमंत्री मोदी के व्यक्तित्व पर संगोष्ठियां, दीनदयाल जयंती पर वृक्षारोपण, विशिष्ठि व्यक्तियों का बहुमान और चित्रकला सहित विविधि कार्यक्रमों का आयोजन करना है। डॉ अग्रवाल ने कहा कि सेवा पखवाड़े के साथ आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान और जीएसटी नए संशोधन को लेकर भी हमें जनता के बीच जाना है और अधिक से अधिक मोदी सरकार की नीतियों का प्रचार—प्रसार करना है। उन्होंने कहा कि स्वदेशी एक भावना और सोच आत्मा का विषय होता है और इस विषय का हम आर्थिक हानि और लाभ की दृष्टि से नहीं देख सकते। 

भाजपा प्रभारी डॉ अग्रवाल ने कहा कि सेवा पखवाड़े 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक देश की चार महान विभूतियों ने जन्म लिया था, जिनकी सोच, विचारधारा, जीवन मूल्य, कार्य पद्धतियां, देश के प्रति जिनका बलिदान, त्याग, तपस्या, संघर्ष लगभग सभी का एक जैसा था। 17 सितंबर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, 25 सितंबर एकात्म मानववाद के प्रणेता पं. दीनदयाल उपाध्याय और 2 अक्टूबर महात्मा गांधी तथा लाल बहादूर शास्त्री का जन्मदिन मनाते है। डॉ अग्रवाल ने कहा कि 2 अक्टूबर को हम महात्मा गांधी का जन्मदिन मनाकर पूरा कर देते है, लेकिन इस बार भाजपा ने लाल बहादूरी शास्त्री की जयंती को भी देशभर में मनाने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि देशभर में गांधी जी की प्रतिमाएं मिल जाएगी, लेकिन शास्त्री जी की प्रतिमाएं नहीं मिलेगी, यह कांग्रेस का खडयंत्र है। जिस नाम के साथ गांधी या नेहरू जुड़ा हुआ नहीं होता है, ऐसे व्यक्ति को कांग्रेस का इको सिस्टम इस देश में स्थापित ही नहीं होने देता। 

भाजपा प्रभारी डॉ अग्रवाल ने कहा कि सेवा पखवाड़े को मनाने का मुख्य उद्देश्य पार्टी के साथ अधिक से अधिक नए लोगों को जोड़ना है। इसके लिए हमारे जनप्रतिनिधियों को जनता के बीच में जाना होगा। फिर चाहे विधायक हो, सांसद हो या अन्य जनप्रतिनिधि। सभी को इन आने वाले कार्यक्रमों में स्वयं की भागीदारी बढ़चढ़कर निभानी होगी, तब ही नया कार्यकर्ता भाजपा के साथ जुडेगा। भाजपा सत्ता का लक्ष्य लेकर सत्ता में नहीं आई,सत्ता हमारे लिए साध्य नहीं है, सत्ता तो हमारे लिए माध्यम है,हमारा लक्ष्य है परम वैभव। जब तक देश का प्रत्येक नागरीक हमारी रीति और नीति से प्रभावित होकर हमारे साथ ना जुड़ जाए तब तक हमें नागरिकों को जोड़ने का अभियान सतत रूप से चलाना होगा। 

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि भाजपा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन हर विधानसभा क्षेत्रों में व्यापाक रूप से मनाएगी। इसमें हमारे सभी कार्यकर्ताओं को अपना शत प्रतिशत योगदान देना होगा। फिर चाहे वो रक्तदान शिविर हो, स्वच्छता अभियान हो, चिकित्सा शिविर हो, संगोष्ठियां हो या अन्य गतिविधियां सभी में हमारे प्रत्येक कार्यकर्ता की जवाबदेयता सुनिश्चित होनी चाहिए। भाजपा के कार्यकर्ता को स्व विवेक से सेवा पखवाडे में कार्य करना चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक सामान्य परिवार से मेहनत एवं परिश्रम के आधार पर देश के शिखर तक पहुचे है। सेवा पखवाडे के साथ में आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान और जीएसटी के नए प्रावधान को लेकर भी जनता के बीच जाना होगा। हमारे जनप्रतिनिधियों के साथ कार्यकर्ताओं को स्वदेशी अपनाने के लिए नए—नए नवाचार करने चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जीएसटी के माध्यम से राहतों का पिटारा खोला है। इसे जन जन तक पहुंचाने की जिम्मेदारी हमारी है। 

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने बताया कि सेवा पखवाडे के तहत रक्तदान शिविर प्रत्येक जिला और मंडल स्तर पर लगाया जाएगा। सांसद खेल कूद प्रतियोगिताओं के साथ विकसित भारत विषय आधारित चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएगी। प्रदेश में जयपुर, जोधपुर, उदयपुर, अलवर और कोटा जैसे नगरों में मोदी विकास मैराथन का आयोजन करना है। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन पर आधारित फोटो प्रदर्शनी भी आयोजित करनी है। पंडित ​दीनदयाल जयंती पर प्रदेश के सभी बूथों पर दीनदयाल जी के चित्र पर पुष्पाजंलि करने के साथ वृक्षारोपण कार्यक्रम चलाया जाएगा। इन कार्यक्रमों के माध्यम से हमारे कार्यकर्ता नए सदस्यों को भाजपा की रीति और नीति से प्रभावित कर सकते है। कार्यशाला में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ और पदाधिकारियों ने युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष अंकित चेची के साथ युवा मैराथन का पोस्टर और टी—शर्ट का विमोचन किया। इस दौरान मंच पर उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी, प्रेमचंद बैरवा, केंद्रीय मंत्री भागीरथ चौधरी, वित्त आयोग के अध्यक्ष अरूण चतुर्वेदी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी, सांसद दामोदर अग्रवाल, प्रदेश महामंत्री जितेंद्र गोठवाल, ओमप्रकाश भडाणा, संतोष अहलावत, सह संयोजक कुलदीप धनकड, डॉ अपूर्वा सिंह मंच पर उपस्थित रहे। सेवा पखवाडा अभियान के प्रदेश संयोजक संतोष अहलावत ने कार्यक्रम की प्रस्तावना रखी, दामोदर अग्रवाल ने आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान और सांसद घनश्याम तिवाडी ने जीएसटी नेक्स्ट रिफॉर्म्स विषय पर प्रस्तावना रखी। मंच संचालन विधायक कुलदीप धनकड एवं प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच ने किया। 
 

Related Story

Trending Topics

IPL
Royal Challengers Bengaluru

190/9

20.0

Punjab Kings

184/7

20.0

Royal Challengers Bengaluru win by 6 runs

RR 9.50
img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!