Edited By LUCKY SHARMA, Updated: 04 Mar, 2026 11:14 AM
राजस्थान में फाल्गुन के महीने में ही लोगों को जेठ जैसी तेज गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। प्रदेश के कई जिलों में तापमान तेजी से बढ़ रहा है और दिन में धूप इतनी तेज हो गई है कि लोगों को पसीना आने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के 20 से अधिक जिलों...
फाल्गुन में ही तेज गर्मी का अहसास
राजस्थान में फाल्गुन के महीने में ही लोगों को जेठ जैसी तेज गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। प्रदेश के कई जिलों में तापमान तेजी से बढ़ रहा है और दिन में धूप इतनी तेज हो गई है कि लोगों को पसीना आने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के 20 से अधिक जिलों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है।
पश्चिमी राजस्थान के जिलों में गर्मी का असर सबसे ज्यादा देखने को मिल रहा है। बीकानेर, जैसलमेर, बाड़मेर और जोधपुर जैसे इलाकों में तापमान लगातार बढ़ रहा है, जिससे दिन के समय बाहर निकलना लोगों के लिए मुश्किल होता जा रहा है।
बाड़मेर में सबसे ज्यादा तापमान
मौसम विभाग की डेली रिपोर्ट के अनुसार पिछले 24 घंटों में राजस्थान के अधिकांश शहरों में मौसम साफ रहा और तेज धूप देखने को मिली।
राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान बाड़मेर में 38.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के हिसाब से काफी ज्यादा माना जा रहा है। वहीं न्यूनतम तापमान सीकर और पाली में 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
राज्य में आर्द्रता का स्तर भी कम रहा और औसत ह्यूमिडिटी 15 से 35 प्रतिशत के बीच दर्ज की गई। कम आर्द्रता के कारण दिन में तेज धूप के साथ गर्मी ज्यादा महसूस हो रही है।
इन जिलों में 30 डिग्री के पार पहुंचा पारा
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार राजस्थान के 28 जिलों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया है।
अजमेर में 34.5 डिग्री, भीलवाड़ा में 34.6 डिग्री, अलवर में 31.4 डिग्री, जयपुर में 33.9 डिग्री, पिलानी में 35.3 डिग्री, सीकर में 32.5 डिग्री और कोटा में 34.7 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
इसके अलावा चित्तौड़गढ़ में 35.8 डिग्री, जैसलमेर में 36.5 डिग्री, जोधपुर में 36.6 डिग्री, बीकानेर में 36.1 डिग्री, चूरू में 35.2 डिग्री और श्रीगंगानगर में 33.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
माउंट आबू में 27.8 डिग्री, नागौर में 35.1 डिग्री, डूंगरपुर में 34.8 डिग्री, जालौर में 36.1 डिग्री, सिरोही में 32.8 डिग्री, फतेहपुर (सीकर) में 34.0 डिग्री, करौली में 34.1 डिग्री, दौसा में 34.5 डिग्री और झुंझुनूं में 33.5 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।
अगले सप्ताह और बढ़ेगी गर्मी
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार आने वाले एक सप्ताह तक प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा। इस दौरान न्यूनतम और अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना है।
ह्यूमिडिटी का स्तर 40 प्रतिशत से नीचे रहने के कारण तेज धूप और गर्म हवाओं का असर और ज्यादा महसूस हो सकता है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि यदि यही स्थिति बनी रही तो आने वाले दिनों में प्रदेश के कई इलाकों में लू जैसे हालात बनने की संभावना भी हो सकती है।
गर्मी का असर अब केवल दोपहर तक सीमित नहीं रहा है। सुबह और शाम के समय भी तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, जबकि कई शहरों में रात के तापमान में भी बढ़ोतरी के कारण लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है।