राजस्थान पुलिस का बड़ा अभियान: एक सप्ताह में 744 हार्डकोर अपराधी गिरफ्तार, साइबर ठगों से ₹2.45 करोड़ बरामद

Edited By Sourabh Dubey, Updated: 28 Jul, 2026 07:45 PM

rajasthan police vishesh abhiyan 744 hardcore apradhi gi

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत राजस्थान पुलिस ने प्रदेशभर में अपराधियों के खिलाफ व्यापक अभियान छेड़ दिया है।

जयपुर, 28 जुलाई 2026। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत राजस्थान पुलिस ने प्रदेशभर में अपराधियों के खिलाफ व्यापक अभियान छेड़ दिया है। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास के निर्देशों और पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के नेतृत्व में 20 जुलाई से 20 अगस्त 2026 तक चलाए जा रहे इस विशेष अभियान के पहले ही सप्ताह में पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सैकड़ों गिरफ्तारियां की हैं।

अभियान का उद्देश्य प्रदेश में कानून-व्यवस्था को मजबूत करना, हार्डकोर अपराधियों, साइबर ठगों, नशा तस्करों, अवैध हथियार रखने वालों, अवैध खनन और संगठित अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाना है।

एक सप्ताह में 744 हार्डकोर अपराधी गिरफ्तार

राजस्थान पुलिस ने पिछले सात दिनों में 1,715 चिन्हित हार्डकोर अपराधियों के खिलाफ 529 कानूनी एवं निरोधात्मक कार्रवाई की। इस दौरान 744 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तारी के मामले में—

  • जोधपुर रेंज पहले स्थान पर रही, जहां 331 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया।

  • उदयपुर रेंज में 100 गिरफ्तारी हुई।

  • बीकानेर रेंज में 67 अपराधी पकड़े गए।

  • अजमेर रेंज और जयपुर पुलिस कमिश्नरेट में 60-60 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया।

नशा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई, 477 आरोपी गिरफ्तार

विशेष अभियान के तहत पुलिस ने 339 एनडीपीएस (NDPS) प्रकरण दर्ज किए और 477 नशा तस्करों व आरोपियों को गिरफ्तार किया।

सबसे अधिक कार्रवाई—

  • बीकानेर रेंज : 83 मामले, 110 गिरफ्तारियां

  • जयपुर कमिश्नरेट : 48 मामले

  • कोटा रेंज : 41 मामले

  • जयपुर रेंज : 34 मामले

साइबर अपराधियों पर शिकंजा, ₹2.45 करोड़ बरामद

साइबर अपराध के खिलाफ चलाए गए अभियान में पुलिस ने 1,245 साइबर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 258 आरोपियों को गिरफ्तार किया।

इस दौरान पुलिस ने साइबर ठगों से ₹2 करोड़ 45 लाख 77 हजार 652 की राशि बरामद की, जबकि ₹86 लाख 83 हजार 843 पीड़ितों को वापस दिलाए।

बरामदगी में—

  • जयपुर पुलिस कमिश्नरेट ने ₹68 लाख से अधिक की राशि बरामद की।

  • जयपुर रेंज ने ₹58 लाख से अधिक की रिकवरी की।

अवैध हथियार और अवैध खनन पर भी सख्ती

अभियान के दौरान पुलिस ने अवैध हथियार और अवैध खनन के खिलाफ भी व्यापक कार्रवाई की।

  • आर्म्स एक्ट के तहत 132 मामले दर्ज किए गए।

  • भरतपुर रेंज में सबसे अधिक 42 मामले, जयपुर रेंज में 21 और बीकानेर रेंज में 19 मामले दर्ज हुए।

अवैध खनन के खिलाफ पूरे प्रदेश में 260 प्रकरणों में कार्रवाई की गई, जिनमें—

  • अजमेर रेंज : 73 मामले

  • जयपुर रेंज : 53 मामले

वहीं, कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 170 के तहत 3,337 मामलों में कार्रवाई की गई।

साढ़े तीन लाख से अधिक वाहनों पर कार्रवाई

यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए राजस्थान पुलिस ने प्रदेशभर में 9,683 नाकाबंदी पॉइंट बनाए और 2,90,201 वाहनों की जांच की।

इस दौरान 86,793 वाहनों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम (MV Act) के तहत कार्रवाई की गई।

इसके अलावा सड़क सुरक्षा अभियान के तहत कुल 2,66,600 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इनमें तेज रफ्तार, ओवरलोडिंग, शराब पीकर वाहन चलाना, बिना हेलमेट, सीट बेल्ट का उपयोग न करना और अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन शामिल रहे।

महिला सुरक्षा और कम्युनिटी पुलिसिंग पर भी जोर

अभियान के दौरान महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए 3,199 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

साथ ही पुलिस और आमजन के बीच संवाद बढ़ाने के लिए प्रदेशभर में 551 कम्युनिटी लाइजन ग्रुप (CLG) बैठकों का आयोजन किया गया।

20 अगस्त तक जारी रहेगा अभियान

पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने कहा कि राजस्थान पुलिस प्रदेश में संगठित अपराध, नशा तस्करी, साइबर ठगी और महिला अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप जीरो टॉलरेंस नीति के तहत यह विशेष अभियान 20 अगस्त 2026 तक पूरे प्रदेश में इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा।

उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य अपराधियों में कानून का भय और आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास को और मजबूत करना है।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!