Edited By Sourabh Dubey, Updated: 26 Sep, 2026 12:31 PM
मालवीय राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (MNIT), जयपुर में आज धातु एवं पदार्थ विज्ञान के क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञ, वैज्ञानिक, शिक्षाविद, उद्योग प्रतिनिधि और विद्यार्थी एक मंच पर जुटेंगे। MNIT जयपुर की ओर से “इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मेटल्स के माध्यम से...
जयपुर। मालवीय राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (MNIT), जयपुर में आज धातु एवं पदार्थ विज्ञान के क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञ, वैज्ञानिक, शिक्षाविद, उद्योग प्रतिनिधि और विद्यार्थी एक मंच पर जुटेंगे। MNIT जयपुर की ओर से “इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मेटल्स के माध्यम से उद्योग–शैक्षणिक सहयोग को सुदृढ़ करना” विषय पर एक दिवसीय संगोष्ठी का आयोजन किया जा रहा है।
संगोष्ठी का मुख्य उद्देश्य धातु एवं पदार्थ विज्ञान के क्षेत्र में उद्योग और शिक्षण संस्थानों के बीच सहयोग को मजबूत करना, शोध एवं नवाचार को बढ़ावा देना और उद्योग की आवश्यकताओं तथा अकादमिक अनुसंधान के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना है।
डॉ. कोमल कपूर होंगी मुख्य अतिथि
कार्यक्रम में डॉ. कोमल कपूर, अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी, न्यूक्लियर फ्यूल कॉम्प्लेक्स (NFC), परमाणु ऊर्जा विभाग (DAE) तथा अध्यक्ष, इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मेटल्स (IIM), मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी।
संगोष्ठी में BARC, NFC, MNIT जयपुर, IIT रुड़की और IIT जोधपुर सहित प्रमुख संस्थानों के वरिष्ठ वैज्ञानिक और विशेषज्ञ भी भाग लेंगे। कार्यक्रम में धातु एवं पदार्थ विज्ञान के क्षेत्र में हो रहे शोध, तकनीकी विकास और औद्योगिक जरूरतों पर चर्चा की जाएगी।
IIM ATM 2026 का कर्टेन रेज़र कार्यक्रम
MNIT जयपुर में आयोजित यह संगोष्ठी इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मेटल्स (IIM) की 80वीं वार्षिक तकनीकी बैठक—IIM ATM 2026 के कर्टेन रेज़र कार्यक्रम के रूप में आयोजित की जा रही है।
IIM ATM 2026 का आयोजन 10 से 12 दिसंबर 2026 तक जयपुर के बिड़ला ऑडिटोरियम में किया जाएगा। इसे पदार्थ एवं धातुकर्म के क्षेत्र में देश के प्रमुख तकनीकी सम्मेलनों में शामिल किया जाता है।
1500 से अधिक विशेषज्ञों के शामिल होने की संभावना
आगामी IIM ATM 2026 में देश-विदेश से 1500 से अधिक वैज्ञानिकों, इंजीनियरों, शिक्षाविदों, शोधकर्ताओं, उद्योग प्रतिनिधियों और विद्यार्थियों के शामिल होने की संभावना है।
तीन दिवसीय सम्मेलन में पदार्थ विज्ञान और धातुकर्म से जुड़े समकालीन एवं महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक चर्चा होगी। सम्मेलन के पहले दिन “Materials for Sustainable Green and Nuclear Energy Applications” विषय पर अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी आयोजित की जाएगी। इसके बाद दो दिनों तक वार्षिक तकनीकी बैठक का आयोजन होगा।
उद्योग और अकादमिक जगत के बीच बनेगा संवाद
जयपुर और आसपास के क्षेत्रों के प्रमुख उद्योगों के साथ-साथ मध्यम, बड़े और लघु उद्योगों की सक्रिय भागीदारी से IIM ATM 2026 को उद्योग–शैक्षणिक संवाद और सहयोग के राष्ट्रीय मंच के रूप में विकसित करने की दिशा में प्रयास किया जा रहा है।
26 सितंबर को MNIT जयपुर में होने वाली एक दिवसीय संगोष्ठी को इसी दिशा में महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है। कार्यक्रम में भारत में धातु एवं पदार्थ क्षेत्र के भविष्य, अनुसंधान, तकनीकी नवाचार और उद्योग-अकादमिक साझेदारी की संभावनाओं पर व्यापक विचार-विमर्श होगा।