जयपुर में राजस्थान समग्र शिक्षक संघ का दो दिवसीय शिक्षक सम्मेलन, 11 सूत्रीय मांग पत्र पर बनी रणनीति

Edited By LUCKY SHARMA, Updated: 19 Sep, 2026 05:40 PM

rajasthan samagra shikshak sangh jaipur two day teacher conference 11 point dema

तृतीय श्रेणी शिक्षकों के स्थानांतरण, पदोन्नति, वेतन विसंगतियां दूर करने और गैर-शैक्षणिक कार्यों से शिक्षकों को मुक्त रखने समेत कई मुद्दों पर चर्चा

जयपुर। राजस्थान समग्र शिक्षक संघ जिला जयपुर की ओर से राजकीय महात्मा गांधी विद्यालय, भांकरोटा, अजमेर रोड जयपुर में दो दिवसीय शिक्षक सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन के पहले दिन मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस दौरान शिक्षा और शिक्षक हित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई।

कार्यक्रम में सेवानिवृत्त जिला शिक्षा अधिकारी राजेंद्र कुमार शर्मा (हंस), सेवानिवृत्त CBEO समकक्ष जिला शिक्षा अधिकारी पूरणमल बुनकर और अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ एकीकृत के महामंत्री जागेश्वर शर्मा की गरिमामय उपस्थिति रही।

प्रदेश मुख्य महामंत्री हरिश्चंद्र प्रजापति ने अतिथियों का परिचय करवाते हुए कार्यक्रम का संचालन किया। सम्मेलन के संयोजक एवं जिला अध्यक्ष राजेश शर्मा, सह संयोजक एवं ब्लॉक अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह चौधरी तथा जयपुर ग्रामीण जिला अध्यक्ष हरि पूजन सिंह गुर्जर ने अतिथियों का स्वागत किया।

सम्मेलन में कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष विजेंद्र सिंह चौधरी, प्रदेश मुख्य महामंत्री हरिश्चंद्र प्रजापति, प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष रामनिवास जाखड़, प्रदेश उपाध्यक्ष पवन नामा देवली सहित अन्य पदाधिकारियों ने अपने विचार रखे।

छात्र हित को शिक्षा का केंद्र बनाने पर जोर

सम्मेलन में छात्र-छात्राओं के हित को शिक्षा व्यवस्था का केंद्र बनाए जाने पर जोर दिया गया। संगठन की ओर से कहा गया कि प्रत्येक बच्चे को भयमुक्त, सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलनी चाहिए। साथ ही कमजोर और वंचित वर्ग के विद्यार्थियों के लिए अतिरिक्त सहयोग और समान अवसर सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर भी चर्चा की गई।

संगठन ने कहा कि छात्र-छात्राओं के हित में किया गया निवेश देशहित में किया गया सबसे बड़ा निवेश है।

11 सूत्रीय मांग पत्र तैयार

प्रदेश मुख्य महामंत्री हरिश्चंद्र प्रजापति के नेतृत्व में शिक्षक हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर 11 सूत्रीय मांग पत्र तैयार किया गया। इसमें प्रमुख रूप से तृतीय श्रेणी शिक्षकों के शीघ्र स्थानांतरण, पदोन्नति से जुड़े लंबित मामलों का समाधान और TET से संबंधित सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के संदर्भ में शिथिलता देने की मांग शामिल है।

मांग पत्र में सभी संवर्गों की वेतन विसंगतियां समयबद्ध तरीके से दूर करने, पदोन्नत शिक्षकों को शीघ्र पदस्थापन देने और पारदर्शी स्टाफिंग पैटर्न लागू कर रिक्त पदों को भरने की मांग भी रखी गई।

इसके अलावा महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों के लिए अलग कैडर, शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कार्यों से मुक्त रखने और RGHS की प्रक्रिया को सरल बनाने की मांग की गई।

संगठन ने प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होने वाले शिक्षकों को PL देने तथा नई शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप भारतीय मूल्यों, कौशल और राष्ट्रबोध से युक्त शिक्षा व्यवस्था को बढ़ावा देने की मांग भी उठाई।

संगठन विस्तार पर भी बनी रणनीति

सम्मेलन के दौरान संगठन के विस्तार और नए सदस्यों को जोड़ने को लेकर भी रणनीति तैयार की गई। विभिन्न समितियों और कार्यकारिणी के गठन के साथ संगठन को और सक्रिय बनाने पर चर्चा हुई।

प्रदेश उपाध्यक्ष पवन नामा देवली ने पदाधिकारियों को 50-50 नए सदस्य जोड़ने का लक्ष्य दिया। वहीं जिला कार्यकारिणी के निर्वाचन के दौरान प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष विजेंद्र सिंह चौधरी, रामनिवास जाखड़, जितेंद्र भारद्वाज, लोकेश शर्मा, कोषाध्यक्ष विजय माथुर सहित अन्य पदाधिकारियों ने जिला कार्यकारिणी को सहयोग देने का आश्वासन दिया।

जयपुर शहर और ग्रामीण की कार्यकारिणी का निर्विरोध निर्वाचन

सम्मेलन में जयपुर शहर और जयपुर ग्रामीण की कार्यकारिणी का निर्विरोध निर्वाचन किया गया। जयपुर शहर जिला अध्यक्ष के रूप में राजेश शर्मा और जयपुर ग्रामीण जिला अध्यक्ष के रूप में हरि पूजन सिंह गुर्जर का निर्वाचन हुआ।

कार्यक्रम में जयपुर शहर जिला मंत्री जितेंद्र सिंह गुर्जर, दूदू ब्लॉक अध्यक्ष सुनील कुमार शर्मा, सांगानेर ग्रामीण ब्लॉक अध्यक्ष विजय आचार्य, ब्लॉक मंत्री विनोद शर्मा, बस्सी जिला संयुक्त मंत्री चंद्रकांत भारद्वाज, जयपुर पश्चिम ब्लॉक अध्यक्ष नरेंद्र पारीक, जयपुर पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष नरपाल सिंह चौधरी सहित विभिन्न ब्लॉकों से आए शिक्षक और संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!