Edited By Payal Choudhary, Updated: 28 Dec, 2025 05:36 PM

प्रदेश में दिन–रात के तापमान में बड़ा अंतर, शीतलहर व कोहरे का अलर्ट। जयपुर समेत कई जिलों में बढ़ा प्रदूषण स्तर।
राजस्थान में एक बार फिर मौसम ने करवट ले ली है। प्रदेश में दिन और रात के तापमान में बड़ा अंतर देखने को मिल रहा है। दिन के समय हल्की धूप और कुछ हद तक गर्माहट महसूस की जा रही है, जबकि रात होते ही सर्द हवाओं के कारण ठंड का असर तेज हो जाता है। बीते कुछ दिनों पहले अचानक तापमान में करीब 8 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई थी, हालांकि अब न्यूनतम तापमान में कुछ स्थानों पर 1 से 2 डिग्री का हल्का इजाफा हुआ है, लेकिन सर्दी का असर अभी भी बना हुआ है।
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में अधिकतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। इस दौरान सिरोही प्रदेश का सबसे ठंडा दिन रहा, जहां अधिकतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान की बात करें तो करौली सबसे ठंडा जिला रहा, जहां पारा 3.1 डिग्री तक लुढ़क गया। इसके अलावा पाली में 3.4, माउंट आबू में 4.5, दौसा में 4.7, सीकर में 5.0, नागौर में 5.3, अलवर में 5.2 और लूणकरणसर में 5.8 डिग्री न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया।
राजधानी जयपुर में अधिकतम तापमान 23.7 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री दर्ज हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले एक से दो दिनों में जयपुर में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं और न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री तक और गिरावट संभव है। ठंडी हवाएं सर्दी के एहसास को और बढ़ा रही हैं।
भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक प्रदेश में अगले 7 दिनों तक मौसम शुष्क बना रहेगा। हालांकि उत्तर और उत्तर-पूर्वी राजस्थान के कुछ जिलों में शीतलहर और सुबह के समय कोहरे की संभावना जताई गई है। अलवर, झुंझुनूं, सीकर, चूरू और डीडवाना-कुचामन में शीतलहर को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं कोटा संभाग में हल्के कोहरे के आसार हैं।
इधर, ठंड के साथ-साथ प्रदूषण भी चिंता का कारण बनता जा रहा है। जयपुर में औसत AQI 172 दर्ज किया गया है, जबकि मानसरोवर क्षेत्र में यह 227 तक पहुंच गया। प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्र भिवाड़ी में दो दिनों की राहत के बाद AQI एक बार फिर 300 के पार पहुंच गया है, जो स्वास्थ्य के लिए गंभीर संकेत माना जा रहा है। मौसम और प्रदूषण के इस दोहरे असर को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है।