अलवर में सैर पर निकले 53 वर्षीय व्यक्ति लापता: 4 दिन बाद भी नहीं मिला सुराग, परिवार चिंतित

Edited By Anil Jangid, Updated: 11 Apr, 2026 06:12 PM

53 year old man missing in alwar after morning walk

अलवर। राजस्थान के अलवर शहर में एक 53 वर्षीय व्यक्ति के अचानक लापता होने का मामला रहस्य बनता जा रहा है। अरावली विहार थाना क्षेत्र के हिराबास मोहल्ले में रहने वाले कैलाश चंद सैनी पिछले चार दिनों से लापता हैं, जिससे परिवार और स्थानीय लोगों में गहरी...

अलवर। राजस्थान के अलवर शहर में एक 53 वर्षीय व्यक्ति के अचानक लापता होने का मामला रहस्य बनता जा रहा है। अरावली विहार थाना क्षेत्र के हिराबास मोहल्ले में रहने वाले कैलाश चंद सैनी पिछले चार दिनों से लापता हैं, जिससे परिवार और स्थानीय लोगों में गहरी चिंता व्याप्त है।

परिजनों के अनुसार, 8 अप्रैल की सुबह करीब 5 बजे कैलाश चंद सैनी रोज की तरह टहलने के लिए घर से निकले थे। उन्होंने अपनी पत्नी से कहा था कि वह एक घंटे में वापस लौट आएंगे, लेकिन तय समय बीतने के बाद भी जब वे घर नहीं पहुंचे, तो परिवार को चिंता होने लगी।

मोहल्ले के लोगों ने बताया कि उन्हें आखिरी बार कालीमोरी फाटक के पास देखा गया था। इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल पाया है। परिजनों ने पहले आसपास के क्षेत्रों में खुद तलाश की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। स्थिति गंभीर होने पर उन्होंने अरावली विहार थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आसपास के क्षेत्रों में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। साथ ही संभावित स्थानों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि कोई सुराग मिल सके। हालांकि, अभी तक पुलिस के हाथ कोई ठोस जानकारी नहीं लगी है।

परिवार के सदस्य लगातार रिश्तेदारों और परिचितों से संपर्क कर रहे हैं। कैलाश चंद सैनी के भतीजे राजू सैनी ने बताया कि उनके चाचा एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं और रोज सुबह सैर के लिए निकलना उनकी दिनचर्या का हिस्सा था। उन्होंने कहा कि इससे पहले वे कभी इस तरह बिना बताए घर से गायब नहीं हुए, जिससे परिवार की चिंता और बढ़ गई है।

घटना को चार दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिलने से परिजन अनहोनी की आशंका जता रहे हैं। मोहल्ले के लोग भी परिवार के साथ मिलकर संभावित स्थानों पर तलाश कर चुके हैं, लेकिन सफलता नहीं मिली।

परिवार ने प्रशासन से अपील की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द कैलाश चंद सैनी का पता लगाया जाए। जब तक उनका कोई सुराग नहीं मिलता, तब तक परिवार और स्थानीय लोगों की चिंता बनी हुई है।

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!