Edited By Sourabh Dubey, Updated: 23 Jul, 2025 08:01 PM

राजस्थान पर्यटन भवन के स्वागत कक्ष की दीवारें अब राज्य की सांस्कृतिक समृद्धि और भव्य धरोहरों की एक अनोखी स्वर्णिम छटा बिखेर रही हैं। वैदिक कलाकार रामू रामदेव द्वारा तैयार की गई तीज माता की शाही सवारी और राजस्थान की ऐतिहासिक धरोहरों पर आधारित 3D...
जयपुर। राजस्थान पर्यटन भवन के स्वागत कक्ष की दीवारें अब राज्य की सांस्कृतिक समृद्धि और भव्य धरोहरों की एक अनोखी स्वर्णिम छटा बिखेर रही हैं। वैदिक कलाकार रामू रामदेव द्वारा तैयार की गई तीज माता की शाही सवारी और राजस्थान की ऐतिहासिक धरोहरों पर आधारित 3D भित्तिचित्र श्रृंखला को 24 कैरेट सोने, चांदी और गंगाजल से सजाया गया है।
रामू रामदेव, जो कि सिटी पैलेस, जयपुर में कला एवं संस्कृति विभाग में OSD हैं, इस परंपरा की सातवीं पीढ़ी से ताल्लुक रखते हैं। इस श्रृंखला के निर्माण में आठ महीने का समय लगा और यह उनका “ड्रीम प्रोजेक्ट” रहा है, जिसकी शुरुआत उन्होंने 2018 में की थी।
भित्तिचित्रों में आमेर महल, मेहरानगढ़ किला, विजय स्तंभ, डीग पैलेस, भगवान गणेश और तीज माता की सवारी को दर्शाया गया है। इन चित्रों में वैदिक मंत्रों की ध्वनि के साथ उभरी आकृतियों को पारंपरिक मसाले (खड़िया, पत्थर पाउडर आदि) और 3D एंबोजिंग तकनीक से आकार दिया गया है।
यह श्रृंखला न केवल धार्मिक आस्था बल्कि राजस्थान की परंपरागत चित्रकला और वास्तुकला की जीवंत प्रस्तुति भी है। पेंटिंग्स को कांच के बॉक्स में सील किया गया है ताकि यह अगली शताब्दी तक संरक्षित रह सकें।