Edited By LUCKY SHARMA, Updated: 12 Mar, 2026 07:24 PM
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा है कि राजस्थान में विकास की अपार संभावनाएं मौजूद हैं और राज्य सरकार उद्योगों के लिए बेहतर माहौल तैयार करने की दिशा में लगातार काम कर रही है। निवेश को बढ़ावा देने, नवाचारों को प्रोत्साहन देने और ईज ऑफ डूइंग...
राजस्थान में निवेश और विकास की अपार संभावनाएं
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा है कि राजस्थान में विकास की अपार संभावनाएं मौजूद हैं और राज्य सरकार उद्योगों के लिए बेहतर माहौल तैयार करने की दिशा में लगातार काम कर रही है। निवेश को बढ़ावा देने, नवाचारों को प्रोत्साहन देने और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को मजबूत बनाने के लिए सरकार कई अहम फैसले ले रही है। उन्होंने कहा कि सिंगल विंडो क्लीयरेंस सहित कई नई व्यवस्थाओं के जरिए उद्योगों को निवेश के लिए अनुकूल वातावरण दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री गुरुवार को भारतीय उद्योग परिसंघ (CII) राजस्थान के वार्षिक सत्र को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य वर्ष 2047 तक राजस्थान की अर्थव्यवस्था को 4.3 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचाना है और इस दिशा में योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने निवेशकों को भरोसा दिलाया कि राजस्थान में निवेश करने वाले उद्यमियों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
विकसित राजस्थान 2047 का रोडमैप तैयार
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है। विकसित राजस्थान 2047 के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए ग्राम पंचायतों से लेकर नगर निकायों तक के समग्र विकास के लिए रोडमैप तैयार किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में इंफ्रास्ट्रक्चर, उद्योग, पर्यटन और कौशल विकास जैसे क्षेत्रों में बड़े स्तर पर काम किया जा रहा है, जिससे राज्य आर्थिक रूप से मजबूत बनेगा।
प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने हासिल की नई ऊंचाइयां
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत 2047 की परिकल्पना देश के सामने रखी है और राजस्थान इस लक्ष्य को हासिल करने में अहम भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत आज विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और जल्द ही तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद देश में गरीब कल्याण, आर्थिक विकास, आतंकवाद पर नियंत्रण और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की प्रतिष्ठा बढ़ाने के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं।
34 नई नीतियों से उद्योगों को मिल रहा बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने विकास को गति देने के लिए 34 नई नीतियां लागू की हैं। इन नीतियों का उद्देश्य उद्योगों को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना और निवेश को आकर्षित करना है।
उन्होंने कहा कि राज्य में एयर कनेक्टिविटी को मजबूत किया जा रहा है और सड़क नेटवर्क का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। राजस्थान खनिज संपदा से समृद्ध है और सरकार खनिजों की प्रोसेसिंग पर विशेष ध्यान दे रही है। इसके साथ ही "एक जिला-एक उत्पाद" योजना के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा दिया जा रहा है।
पर्यटन और सांस्कृतिक विरासत पर भी विशेष फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। राज्य के ऐतिहासिक मंदिर, किले, महल और सांस्कृतिक विरासत देश-विदेश के पर्यटकों को आकर्षित करते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार शेखावाटी क्षेत्र की ऐतिहासिक हवेलियों के संरक्षण के लिए भी प्रतिबद्ध है।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति मजबूत हुई है और महिला अत्याचार के मामलों में लगभग 10 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। पुलिस को भी आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
युवा नीति से उद्यमिता और रोजगार को बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए नई युवा नीति लेकर आई है। इसके तहत मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के माध्यम से युवाओं को ब्याजमुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है ताकि वे अपना व्यवसाय शुरू कर सकें।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य युवाओं को केवल रोजगार दिलाना ही नहीं बल्कि उन्हें रोजगार देने वाला बनाना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकार के समय पेपर लीक जैसी घटनाओं से युवाओं का विश्वास टूटा था, लेकिन वर्तमान सरकार के कार्यकाल में अब तक एक भी पेपर लीक नहीं हुआ है।
उन्होंने बताया कि सरकार 4 लाख सरकारी और 6 लाख निजी क्षेत्र में रोजगार देने के लक्ष्य पर काम कर रही है। अब तक 1 लाख 25 हजार युवाओं को नियुक्तियां दी जा चुकी हैं, जबकि 1 लाख 33 हजार भर्तियां प्रक्रियाधीन हैं और 1 लाख से अधिक पदों के लिए भर्ती कैलेंडर जारी किया जा चुका है।
उद्योग और कौशल विकास में सहयोग की अपील
इस अवसर पर मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य में समावेशी विकास और बेहतर सुशासन को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने उद्यमियों से महिला सशक्तीकरण, आईटीआई और कौशल प्रशिक्षण के क्षेत्र में सहयोग देने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के नियुक्ति पत्र और महिलाओं को उद्यमिता के लिए वाउचर भी वितरित किए। इस मौके पर सीआईआई उत्तर क्षेत्र की अध्यक्ष अंजली सिंह, सीआईआई राजस्थान के अध्यक्ष संजय अग्रवाल सहित कई उद्योगपति और अधिकारी मौजूद रहे।