जयपुर में पेंशन विभाग का AAO रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, 10 हजार रुपये की घूस लेते ACB ने दबोचा

Edited By Anil Jangid, Updated: 09 Feb, 2026 07:29 PM

pension department aao caught red handed taking bribe in jaipur

जयपुर। राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) द्वारा भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसके बावजूद कुछ अधिकारी रिश्वतखोरी से बाज नहीं आ रहे हैं। ताजा मामला राजधानी जयपुर से सामने आया है, जहां पेंशन विभाग में...

जयपुर। राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) द्वारा भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसके बावजूद कुछ अधिकारी रिश्वतखोरी से बाज नहीं आ रहे हैं। ताजा मामला राजधानी जयपुर से सामने आया है, जहां पेंशन विभाग में पदस्थापित लेखा अधिकारी (AAO) को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है।

 

एसीबी की जयपुर नगर चतुर्थ इकाई ने मुख्यालय के निर्देश पर यह कार्रवाई की। एसीबी के अनुसार आरोपी राजेश कुमार खण्डेलवाल, एएओ (द्वितीय), पेंशन विभाग, लालकोठी जयपुर ने परिवादी से अवैध रिश्वत की मांग की थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसके पिता की मृत्यु के बाद उसकी माता को पूरी पेंशन नहीं मिल रही थी। पेंशन प्रकरण को पूर्ण रूप से स्वीकृत कराने के एवज में आरोपी अधिकारी ने 10 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की।

 

इसके साथ ही आरोपी ने पूर्व बकाया एरियर राशि जारी कराने के बदले एरियर की कुल राशि का 10 प्रतिशत अतिरिक्त रिश्वत के रूप में मांगने का आरोप भी है। शिकायत मिलने पर एसीबी ने मामले का गोपनीय सत्यापन कराया, जिसमें शिकायत सही पाई गई। इसके बाद आरोपी को रंगे हाथ पकड़ने के लिए ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई गई।

 

सोमवार को तय योजना के अनुसार जैसे ही आरोपी ने परिवादी से 10 हजार रुपये की रिश्वत राशि ली, एसीबी टीम ने मौके पर दबिश देकर उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। रिश्वत की पूरी राशि बरामद कर ली गई है। फिलहाल आरोपी को डिटेन कर लिया गया है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है।

 

एसीबी अधिकारियों के अनुसार आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया अपनाई जा रही है। वहीं इस कार्रवाई से यह स्पष्ट संदेश दिया गया है कि राज्य सरकार और एसीबी भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है।

 

इस घटना के बाद पेंशन विभाग सहित अन्य सरकारी विभागों में भी हड़कंप मच गया है। एसीबी ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई भी सरकारी अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी शिकायत तुरंत भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो से करें।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!