Edited By LUCKY SHARMA, Updated: 05 Aug, 2026 05:56 PM

650वीं जयंती वर्ष पर जयपुर में प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम, प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र के लिए रवाना किए गए समरसता रथ
जयपुर। उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने बुधवार को संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित प्रदेश स्तरीय समरसता संकल्प अभियान में भाग लिया। कार्यक्रम मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालसिंह आर्य की मौजूदगी में संतों के सानिध्य में आयोजित हुआ। इस दौरान प्रदेश की प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र के लिए समरसता रथों को रवाना किया गया।
गुरु रविदास जी का जीवन समता और सामाजिक न्याय का संदेश
उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि संत गुरु रविदास जी का जीवन समता, सामाजिक न्याय, सद्भाव और मानव सेवा की प्रेरणा देता है। उनके विचार आज भी समाज को समानता, आत्मीयता और सामाजिक समरसता का मार्ग दिखाते हैं।
उन्होंने विश्वास जताया कि समरसता संकल्प अभियान गुरु रविदास जी के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के साथ समाज में भाईचारे और समान अवसर की भावना को और मजबूत करेगा।
जाति और भेदभाव से ऊपर उठकर मानवता का संदेश
दिया कुमारी ने कहा कि गुरु रविदास जी का जीवन हमें जाति, वर्ग और भेदभाव से ऊपर उठकर सेवा, सदाचार और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। समाज के अंतिम व्यक्ति तक सम्मान और समान अवसर पहुंचाना ही उनके विचारों का मूल संदेश है।
उन्होंने कहा कि समरसता रथों के माध्यम से गुरु रविदास जी के विचारों और सामाजिक समरसता के संदेश को प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों तक पहुंचाया जाएगा।
कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा, प्रदेश महामंत्री (संगठन) अजेय कुमार, कार्यक्रम प्रदेश संयोजक एवं प्रदेश महामंत्री भूपेंद्र सैनी, विधायक अनिता भदेल, प्रदेश महामंत्री कैलाश मेघवाल, एससी मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष निहालचंद मेघवाल, पूर्व विधायक चंद्रकांता मेघवाल, पूर्व विधायक जगसीराम कोली, प्रदेश मंत्री सीताराम पोसवाल सहित मंत्रीगण, विधायक, सांसद, जनप्रतिनिधि, मोर्चों के पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष, भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।