Edited By Sourabh Dubey, Updated: 10 Oct, 2026 05:04 PM

विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर गौतम हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर में आयोजित मानसिक स्वास्थ्य सप्ताह का समापन हुआ। इस दौरान योग, ध्यान और लघु फिल्म के माध्यम से मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा समाज में व्याप्त भ्रांतियों को दूर...
जयपुर। विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर गौतम हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर में आयोजित मानसिक स्वास्थ्य सप्ताह का समापन हुआ। इस दौरान योग, ध्यान और लघु फिल्म के माध्यम से मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा समाज में व्याप्त भ्रांतियों को दूर करने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला एवं सत्र न्यायाधीश विकास खंडेलवाल रहे।
जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने कराया ध्यान का अभ्यास
कार्यक्रम में जिला एवं सत्र न्यायाधीश विकास खंडेलवाल ने शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक स्वास्थ्य के बीच संतुलन बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने उपस्थित प्रतिभागियों को योग के महत्व के बारे में जानकारी दी और करीब 20 मिनट तक ध्यान का अभ्यास करवाया।
उन्होंने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य, दोनों का ध्यान रखना जरूरी है। नियमित योग और ध्यान तनाव कम करने, एकाग्रता बढ़ाने तथा मानसिक शांति प्राप्त करने में सहायक हो सकते हैं। उन्होंने लोगों से दैनिक जीवन में सकारात्मक आदतें अपनाने और समग्र स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने की अपील की।
लघु फिल्म ‘भ्रम जाल’ के जरिए दिया जागरूकता का संदेश
कार्यक्रम के दौरान गौतम हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर की सीईओ श्रीमती राजश्री गौतम के निर्देशन में तैयार की गई लघु फिल्म ‘भ्रम जाल’ का प्रदर्शन किया गया। मरीजों की सच्ची कहानी पर आधारित इस फिल्म में मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं, सामाजिक भ्रांतियों और समय पर उचित सहायता प्राप्त करने के महत्व को प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत किया गया।
फिल्म का उद्देश्य मानसिक रोगों के प्रति लोगों में संवेदनशीलता बढ़ाना और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े सामाजिक कलंक को कम करने के लिए प्रेरित करना रहा।
6 से 10 अक्टूबर तक आयोजित हुईं 16 गतिविधियां
इस अवसर पर डॉ. शिव गौतम ने मानसिक स्वास्थ्य सप्ताह के तहत 6 से 10 अक्टूबर 2026 तक आयोजित 16 विभिन्न गतिविधियों की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि सप्ताह के दौरान नुक्कड़ नाटक, वाक्-कला प्रतियोगिता, रेडियो परिचर्चा, कॉलेजों में मानसिक स्वास्थ्य टॉक शो और विद्यार्थियों के लिए विशेष जागरूकता व्याख्यान आयोजित किए गए।
इन गतिविधियों के माध्यम से आमजन और युवाओं को मानसिक स्वास्थ्य के महत्व के बारे में जागरूक करने का प्रयास किया गया।
मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े मिथकों को दूर करने पर जोर
मानसिक स्वास्थ्य सप्ताह के दौरान आयोजित कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े मिथकों और भ्रांतियों को दूर करना, तनाव प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा भावनात्मक समस्याओं को समझने के लिए लोगों को प्रोत्साहित करना रहा। साथ ही, जरूरत पड़ने पर विशेषज्ञों से सहायता लेने के महत्व पर भी जोर दिया गया।
गौतम हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर की यह पहल मानसिक स्वास्थ्य को जन-जागरूकता का महत्वपूर्ण विषय बनाने और समाज में संवेदनशीलता, समझ एवं सहयोग की भावना विकसित करने की दिशा में सार्थक प्रयास रही।