Edited By LUCKY SHARMA, Updated: 08 Oct, 2026 05:42 PM
14 से 18 जनवरी तक होटल क्लार्क्स आमेर में होगा JLF 2027, साहित्य के साथ विज्ञान, इतिहास, राजनीति, तकनीक, कला और संस्कृति पर होगी चर्चा
जयपुर, 8 अक्टूबर 2026। दुनिया के चर्चित साहित्यिक आयोजनों में शामिल जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल (JLF) 2027 के 20वें संस्करण की पहली स्पीकर लिस्ट जारी कर दी गई है। फेस्टिवल का आयोजन 14 से 18 जनवरी 2027 तक जयपुर के होटल क्लार्क्स आमेर में होगा।
दो दशक पूरे कर रहा JLF 2027 साहित्य, विज्ञान, पत्रकारिता, इतिहास, अर्थशास्त्र, कानून, तकनीक, भोजन, फैशन, संस्कृति और कला से जुड़े देश-दुनिया के प्रमुख लेखकों और विचारकों को एक मंच पर लाएगा।
पहली स्पीकर लिस्ट में कई बड़े नाम
पहली सूची में अनामिका, तहमीमा अनाम, उमर एल अक्कड़, अवनी दोशी, स्टीव ब्रुसेट, ड्रमंड मनी-कॉट्स, होमी के. भाभा, श्राबणी बसु, लुईस कैनेडी, प्रबल गुरुंग, संजय हजारिका, इसाबेला हम्माद, एस.वाई. कुरैशी, इंदिरा जयसिंह, बी. जयमोहन, जस्टिस संजय किशन कौल, करण महाजन, किरण मजूमदार-शॉ, दामोदर माऊज़ो, डेम मीरा स्याल, मार्कस डु सौतोय, गीतांजलि श्री, मॉली क्रैबएपल, वली नस्र, एस्तेर डुफ्लो, डेविड वान रेब्रुक, सुधा मूर्ति, ओल्गा टोकार्चुक, जेम्स वुड, लाइज़ डूसेट और राधावल्लभ त्रिपाठी सहित कई प्रमुख नाम शामिल हैं।
भारतीय भाषाओं और साहित्य पर रहेगा फोकस
JLF 2027 में भारत की भाषाई और सांस्कृतिक विविधता को विशेष स्थान दिया जाएगा। हिंदी, तमिल, मलयालम, असमिया, कोंकणी, कन्नड़, मराठी, भोजपुरी, सिंधी और मणिपुरी सहित विभिन्न भारतीय भाषाओं के लेखक और साहित्यकार फेस्टिवल में हिस्सा लेंगे।
इनमें राधावल्लभ त्रिपाठी, अनामिका, ध्रुवज्योति बोरा, मकरंद साठे, पॉल ज़कारिया, दामोदर माऊज़ो, वसुधेंद्र, गौतम चौबे, राम मोरी और जेयमोहन प्रमुख नाम हैं।
वैश्विक मुद्दों पर भी होगी चर्चा
फेस्टिवल के दौरान समकालीन वैश्विक राजनीति, इतिहास, साम्राज्यवाद, प्रवासन, जाति, लोकतंत्र, संघर्ष, पहचान और सामाजिक जुड़ाव जैसे विषयों पर भी संवाद होगा।
इसके अलावा विज्ञान और अकादमिक जगत की प्रमुख हस्तियां भी फेस्टिवल का हिस्सा बनेंगी। ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय के गणितज्ञ मार्कस डु सौतोय और प्रसिद्ध जीवाश्म विज्ञानी स्टीव ब्रुसेट सहित कई विशेषज्ञ विज्ञान, तकनीक और अर्थव्यवस्था से जुड़े विषयों पर विचार साझा करेंगे।
JLF की 20 साल की यात्रा
टीमवर्क आर्ट्स के मैनेजिंग डायरेक्टर संजय के. रॉय ने कहा कि 20 साल बाद भी JLF की मूल भावना खुलेपन, विचारों के आदान-प्रदान और नई बातचीत के लिए मंच उपलब्ध कराने की है। उन्होंने कहा कि पांच दिनों तक युवा दर्शकों को साहित्य, कला, संगीत, भोजन, डिजाइन और स्थापत्य विरासत का अनुभव मिलेगा।
JLF की को-फाउंडर और को-डायरेक्टर नामिता गोखले ने कहा कि दो दशकों में जयपुर का यह साहित्यिक आयोजन दुनिया के बड़े और विश्वसनीय साहित्यिक आयोजनों में शामिल हुआ है।
लेखक, इतिहासकार और JLF के को-डायरेक्टर विलियम डेलरिम्पल ने 20वें संस्करण को फेस्टिवल की यात्रा का महत्वपूर्ण पड़ाव बताया। उनके मुताबिक JLF की खासियत भारत और दुनिया के स्थापित एवं उभरते लेखकों, वैज्ञानिकों, इतिहासकारों, कलाकारों और विचारकों को एक मंच पर लाना है।
JLF 2027 की प्रमुख जानकारी
- तारीख: 14 से 18 जनवरी 2027
- स्थान: होटल क्लार्क्स आमेर, जयपुर
- संस्करण: 20वां
- आयोजक: Teamwork Arts