नागौर में ड्रग तस्कर पर बड़ी कार्रवाई: काली कमाई से बना तीन मंजिला मकान फ्रीज

Edited By Anil Jangid, Updated: 26 Mar, 2026 07:28 PM

big crackdown in nagaur mansion of notorious drug smuggler frozen

नागौर: राजस्थान के नागौर जिले में पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। ‘ऑपरेशन संकल्प’ के तहत कुख्यात ड्रग तस्कर रामनिवास उर्फ रामा की अवैध संपत्ति को फ्रीज कर दिया गया है।

नागौर: राजस्थान के नागौर जिले में पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। ‘ऑपरेशन संकल्प’ के तहत कुख्यात ड्रग तस्कर रामनिवास उर्फ रामा की अवैध संपत्ति को फ्रीज कर दिया गया है। यह संपत्ति जायल तहसील के रोटू गांव में स्थित एक तीन मंजिला आलीशान मकान है, जिसे तस्करी से कमाए गए पैसों से बनाया गया था।

 

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में नागौर जिले में आरोपी के खिलाफ कोई मामला दर्ज नहीं था, लेकिन जब गोपनीय तरीके से जांच की गई तो बड़ा खुलासा हुआ। पता चला कि चूरू जिले में उसके खिलाफ करीब साढ़े सात किलो एमडी ड्रग्स तस्करी का गंभीर मामला दर्ज है। इसके अलावा चूरू पुलिस ने उस पर 20 हजार रुपये का इनाम भी घोषित कर रखा है।

 

कोतवाली थानाधिकारी वेदपाल शिवरान ने बताया कि पहले इस मकान पर नगर परिषद और एसडीएम की टीम के साथ मिलकर कार्रवाई की गई थी। हालांकि आरोपी ने उच्च न्यायालय से राहत प्राप्त कर ली थी, जिससे कार्रवाई कुछ समय के लिए रुक गई। इसके बाद पुलिस ने कानूनी रणनीति में बदलाव किया और एनडीपीएस एक्ट की धारा 68एफ के तहत दिल्ली स्थित सक्षम प्राधिकारी के समक्ष ठोस साक्ष्य प्रस्तुत किए।

 

पुलिस द्वारा पेश किए गए सबूतों में यह स्पष्ट किया गया कि यह मकान अवैध मादक पदार्थ तस्करी से अर्जित धन से बनाया गया है। इन तथ्यों के आधार पर सक्षम प्राधिकारी ने संपत्ति को फ्रीज करने के आदेश जारी कर दिए। इस कार्रवाई के बाद आरोपी अब इस संपत्ति का उपयोग नहीं कर सकेगा और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी रहेगी।

 

नागौर पुलिस की यह कार्रवाई यहीं तक सीमित नहीं है। अधिकारियों के अनुसार जिले में सक्रिय अन्य बड़े तस्करों की संपत्तियों की भी गोपनीय जांच की जा रही है। इस कार्य में आयकर विभाग और अन्य खुफिया एजेंसियों का भी सहयोग लिया जा रहा है। पुलिस ने बीट स्तर पर तस्करों की सूची तैयार कर ली है और आने वाले 10 से 15 दिनों में और भी बड़ी कार्रवाइयों की संभावना जताई है।

 

थानाधिकारी वेदपाल शिवरान ने कहा कि इस अभियान से जिले में ड्रग नेटवर्क में खलबली मच गई है। पुलिस अब केवल गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहकर तस्करों की आर्थिक जड़ों पर भी प्रहार कर रही है। यह कार्रवाई न केवल अपराधियों के लिए चेतावनी है, बल्कि समाज में कानून व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी है।

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!