Edited By Anil Jangid, Updated: 24 Feb, 2026 02:41 PM

जोधपुर: राजस्थान में भजनलाल शर्मा के नेतृत्व वाली सरकार ने सोमवार देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 21 आईपीएस अधिकारियों की तबादला सूची जारी की। इस निर्णय ने खास तौर पर जोधपुर और जयपुर के पुलिस महकमे में हलचल मचा दी है। कार्मिक विभाग द्वारा...
जोधपुर: राजस्थान में भजनलाल शर्मा के नेतृत्व वाली सरकार ने सोमवार देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 21 आईपीएस अधिकारियों की तबादला सूची जारी की। इस निर्णय ने खास तौर पर जोधपुर और जयपुर के पुलिस महकमे में हलचल मचा दी है। कार्मिक विभाग द्वारा जारी आदेश में कई अधिकारियों को पदोन्नति के साथ नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
सबसे चर्चित बदलाव जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट में हुआ है। जोधपुर के पुलिस कमिश्नर ओमप्रकाश का तबादला कर उन्हें जयपुर में कमिश्नर (स्पेशल ऑपरेशंस) लगाया गया है। तबादले की सूची जारी होने के समय वे शहर के भीतरी इलाकों में गश्त कर ‘हथाई कल्चर’ को समझने के दौरे पर थे। उनके कार्यकाल में एआई पोर्टल और टूरिस्ट फ्रेंडली पुलिसिंग जैसे नवाचारों की चर्चा रही। अब जोधपुर के नए पुलिस कमिश्नर शरत कविराज होंगे, जो वर्तमान में एसओजी में आईजी पद पर कार्यरत थे और जोधपुर ग्रामीण के एसपी भी रह चुके हैं।
जोधपुर रेंज में भी बड़ा बदलाव किया गया है। रेंज आईजी राजेश मीणा को जयपुर में आईजी होमगार्ड नियुक्त किया गया है, जबकि सत्येंद्र सिंह को जोधपुर रेंज का नया आईजी बनाया गया है। वहीं राहुल प्रकाश को जयपुर स्पेशल कमिश्नर पद से हटाकर जयपुर रेंज का आईजी नियुक्त किया गया है।
एडीजी स्तर पर भी महत्वपूर्ण फेरबदल हुआ है। हवा सिंह घुमरिया को एडीजी क्राइम ब्रांच से हटाकर एडीजी मुख्यालय की जिम्मेदारी दी गई है। विपिन कुमार पांडे को एडीजी भर्ती बोर्ड से एडीजी क्राइम ब्रांच की अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रफुल्ल कुमार को पदोन्नत कर एडीजी इंटेलिजेंस बनाया गया है।
इसके अलावा आईजी विकास कुमार से एटीएस का प्रभार वापस लेकर उन्हें एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स तक सीमित किया गया है। ओम प्रकाश द्वितीय को बीकानेर रेंज का नया आईजी नियुक्त किया गया है।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार यह फेरबदल आगामी चुनौतियों और कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से किया गया है। जयपुर और जोधपुर जैसे बड़े शहरों में पुलिसिंग को अधिक जवाबदेह और ‘पीपुल फ्रेंडली’ बनाने की जिम्मेदारी अब नई टीम के कंधों पर होगी।