Edited By Kuldeep Kundara, Updated: 08 Aug, 2026 05:00 PM

भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष राखी राठौड़ का जन्मदिन इस बार कुछ अलग अंदाज में मनाया गया। पारंपरिक समारोह से हटकर राखी राठौड़ ने जयपुर मेट्रो को अपने जन्मदिन के जश्न का हिस्सा बनाया।
जयपुर। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष राखी राठौड़ का जन्मदिन इस बार कुछ अलग अंदाज में मनाया गया। पारंपरिक समारोह से हटकर राखी राठौड़ ने जयपुर मेट्रो को अपने जन्मदिन के जश्न का हिस्सा बनाया। वह मानसरोवर मेट्रो स्टेशन पहुंचीं और मेट्रो कोच में महिलाओं एवं आम यात्रियों के साथ केक काटकर जन्मदिन मनाया। मेट्रो में जन्मदिन मनाते हुए राखी राठौड़ को देखकर यात्रियों का ध्यान उनकी ओर आकर्षित हुआ। जैसे ही यात्रियों को पता चला कि भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष अपना जन्मदिन मेट्रो में मना रही हैं, कई यात्री भी इस सेलिब्रेशन में शामिल हो गए। महिला यात्रियों ने उनके साथ केक काटकर जन्मदिन की खुशियां साझा कीं और इस पहल की सराहना की।
मेट्रो और जयपुर के विकास का दिया संदेश
राखी राठौड़ ने कहा कि मेट्रो में जन्मदिन मनाने का उद्देश्य सिर्फ उत्सव मनाना नहीं था, बल्कि जयपुर मेट्रो और शहर के विकास को लेकर आमजन के बीच सकारात्मक संदेश देना भी था। उन्होंने कहा कि जयपुर में तेजी से बढ़ती आबादी और लगातार बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए आने वाले समय में सार्वजनिक परिवहन की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के जयपुर मेट्रो फेज-2 के विजन का समर्थन करते हुए कहा कि मेट्रो जयपुर के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण परियोजना है। उन्होंने कहा कि किसी भी विकास परियोजना को सफल बनाने के लिए सरकार के प्रयासों के साथ आमजन की भागीदारी भी जरूरी है। राखी राठौड़ ने जयपुरवासियों से सार्वजनिक परिवहन को अधिक से अधिक अपनाने की अपील करते हुए कहा कि मेट्रो सिर्फ सरकार की परियोजना नहीं है, बल्कि यह जयपुर के भविष्य से जुड़ी हुई योजना है। इसके विकास और उपयोग में आमजन की भागीदारी महत्वपूर्ण है।
महिलाओं के साथ साझा की जन्मदिन की खुशियां
मेट्रो कोच में मौजूद महिलाओं और यात्रियों ने राखी राठौड़ को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। कई महिलाएं उनके साथ बातचीत करने और जन्मदिन के जश्न में शामिल होने के लिए आगे आईं। यात्रियों ने इस पहल को अलग और सकारात्मक बताते हुए कहा कि सार्वजनिक परिवहन को लेकर जागरूकता बढ़ाने के लिए ऐसे प्रयास उपयोगी हो सकते हैं। महिलाओं के साथ मेट्रो में जन्मदिन मनाने के जरिए महिला सहभागिता, सार्वजनिक परिवहन और जयपुर के विकास जैसे मुद्दों को भी सकारात्मक तरीके से सामने लाने का प्रयास किया गया।
राखी राठौड़ ने यात्रियों का आभार जताते हुए कहा कि जन्मदिन की खुशी तब और खास हो जाती है, जब इसे आमजन के साथ साझा किया जाए। उन्होंने कहा कि मेट्रो में यात्रियों के बीच जन्मदिन मनाने का अनुभव उनके लिए बेहद यादगार रहा।
गौसेवा से हुई दिन की शुरुआत
राखी राठौड़ ने अपने जन्मदिन की शुरुआत भी सेवा कार्य के साथ की। उन्होंने महिला मोर्चा की पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ कालवाड़ रोड स्थित गौशाला में पहुंचकर गौसेवा की। इस दौरान महिला मोर्चा की पदाधिकारियों ने गौशाला समिति को सहयोग राशि प्रदान की और विभिन्न सेवा गतिविधियों में हिस्सा लिया। राखी राठौड़ ने कहा कि भारतीय संस्कृति में सेवा का विशेष महत्व है और जन्मदिन जैसे अवसरों को सामाजिक सरोकारों से जोड़ने से इनकी सार्थकता और बढ़ जाती है।
महिला मोर्चा कार्यकर्ताओं ने दी शुभकामनाएं
जन्मदिन के अवसर पर भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश पदाधिकारियों, जिला पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने राखी राठौड़ को शुभकामनाएं दीं। कार्यकर्ताओं ने उनके स्वस्थ, सुखद और सफल जीवन की कामना की। राखी राठौड़ ने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि संगठन की ताकत कार्यकर्ताओं की मेहनत और सामूहिक सहभागिता से बनती है। उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा महिलाओं से जुड़े मुद्दों और जनहित के विषयों को मजबूती से उठाने के लिए लगातार काम कर रहा है।
सेवा से लेकर मेट्रो तक, अलग अंदाज में मना जन्मदिन
राखी राठौड़ का इस बार का जन्मदिन इसलिए खास रहा क्योंकि उन्होंने व्यक्तिगत खुशी को सेवा और जनसरोकार से जोड़ने का प्रयास किया। दिन की शुरुआत गौसेवा से हुई और बाद में जयपुर मेट्रो में आम यात्रियों एवं महिलाओं के साथ जन्मदिन मनाया गया। मेट्रो में यात्रियों की सहभागिता ने इस आयोजन को और खास बना दिया। इस पूरे आयोजन के जरिए गौसेवा, महिला सहभागिता, सार्वजनिक परिवहन और जयपुर के विकास को लेकर सकारात्मक संदेश देने की कोशिश की गई। राखी राठौड़ ने कहा कि जयपुर आने वाले वर्षों में तेजी से विकसित होगा और ऐसे में मजबूत सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था की आवश्यकता होगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि जयपुर मेट्रो का विस्तार शहर के विकास और यातायात व्यवस्था को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।