Edited By Ishika Jain, Updated: 14 Jul, 2026 04:28 PM

बीएपी सांसद राजकुमार रोत ने अपने पीएसओ पर हुए चाकू हमले के मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की। डूंगरपुर पुलिस ने आरोपी कॉन्स्टेबल की गिरफ्तारी और विभागीय कार्रवाई की पुष्टि की।
बांसवाड़ा-डूंगरपुर लोकसभा क्षेत्र से भारत आदिवासी पार्टी (BAP) के सांसद राजकुमार रोत ने अपने निजी सुरक्षा अधिकारी (पीएसओ) पर हुए चाकू हमले की घटना को लेकर सोशल मीडिया के माध्यम से सख्त कार्रवाई की मांग की है। सांसद ने राजस्थान पुलिस और उदयपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) से आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की अपील की।
घटना के बाद डूंगरपुर पुलिस ने भी सोशल मीडिया पर जवाब देते हुए बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी कॉन्स्टेबल को गिरफ्तार कर लिया गया है। साथ ही उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार घटना पुलिस लाइन स्थित सरकारी क्वार्टर में हुई, जहां सांसद के पीएसओ कपिल अपने परिवार के साथ रहते हैं। आरोप है कि पड़ोसी क्वार्टर में रहने वाला कॉन्स्टेबल कांतिलाल अक्सर शराब के नशे में अभद्र व्यवहार करता था। घटना से पहले भी उसके द्वारा पीएसओ के परिवार के साथ विवाद और गाली-गलौज किए जाने की बात सामने आई है।
बताया गया कि रविवार रात पीएसओ की पत्नी और उनकी साली के साथ कथित अभद्रता की सूचना मिलने पर कपिल देर रात अपने निर्माणाधीन मकान से पुलिस लाइन स्थित क्वार्टर पहुंचे। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ और आरोप है कि कॉन्स्टेबल कांतिलाल ने चाकू से हमला कर दिया, जिससे कपिल घायल हो गए। उन्हें तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना के बाद सांसद राजकुमार रोत ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर मामले में निष्पक्ष और सख्त कार्रवाई की मांग की। इसके जवाब में डूंगरपुर पुलिस ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और कानूनी कार्रवाई जारी है।
बताया जा रहा है कि घटना के समय सांसद राजकुमार रोत विदेश दौरे पर जिनेवा में थे। इस मामले को लेकर सोशल मीडिया पर भी लोगों की विभिन्न प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।