Edited By Anil Jangid, Updated: 09 Sep, 2026 02:53 PM
जयपुर: राजस्थान में अब एकबार फिर से झमाझम बारिश का दौर शुरू होने वाला है। IMD द्वारा जारी येलो अलर्ट के अनुसार अब राज्य में 11 और 12 सितंबर को झमाझम बारिश होगी।
जयपुर: राजस्थान में अब एकबार फिर से झमाझम बारिश का दौर शुरू होने वाला है। IMD द्वारा जारी येलो अलर्ट के अनुसार अब राज्य में 11 और 12 सितंबर को झमाझम बारिश होगी। मौसम विभाग के अनुसार 11 सितंबर को राजस्थान के अलवर, बारां, भरतपुर, दौसा, डीग, धौलपुर, करौली, सवाई माधोपुर जिलों में कहीं कहीं मेघगर्जन, वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने का येलो अलर्ट जारी किया है। 12 सितंबर को यही येलो अलर्ट राजस्थान के 34 जिलों के लिए जारी किया गया है। जिन जिलों में जयपुर, अजमेर, भरतपुर, कोटा, उदयपुर, बीकानेर और जोधपुर भी शामिल हैं।
इससे पहले कुछ दिन मौसम विभाग ने पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान में कमजोर मानसून परिस्थितियां दर्ज होने की प्रबल संभावना जताई है। बंगाल की खाड़ी से लगे उत्तरी आंध्रप्रदेश तथा दक्षिणी उड़ीसा तट के आसपास 11 सितंबर को एक और नया कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। जिसके असर से पूर्वी राजस्थान के कुछ भागों में 12 सितंबर से बारिश का एक नया दौर शुरू होने की संभावना है।
इसके साथ ही 10 सितंबर को पूर्वी-पश्चिमी राजस्थान में मौसम शुष्क रहने की संभावना है वहीं 11 सितंबर को भरतपुर, कोटा, उदयपुर और जयपुर संभाग में कहीं-कहीं बरसात की संभावना है। 11 को पश्चिमी राजस्थान में मौसम शुष्क रहने की संभावना बनी हुई है। 12 सितंबर को भरतपुर, कोटा, उदयपुर, अजमेर, जयपुर, बीकानेर और जोधपुर संभाग में कहीं कहीं बारिश हो सकती है। 13 और 14 सितंबर को भरतपुर, कोटा, उदयपुर, जयपुर, बीकानेर और जोधपुर संभाग में कहीं कहीं बरसात हो सकती है।
वहीं, अगर IMD के दैनिक वर्षा पूर्वानुमान यानि डेली वेदर फोरकास्ट पर नजर डालें तो 9 सितंबर से राजस्थान के अधिकांश भागों में आने वाले 3-4 दिन कमजोर मानसून परिस्थितियां रहने का पूर्वानुमान है। 12, 13 सितंबर से फिर पूर्वी और दक्षिणी भागों में बारिश का नया दौर शुरू होने की संभावना है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार बीते 24 घंटों में प्रदेश में सबसे अधिक बरसात जयपुर के पावटा में दर्ज की गई। पावटा में 50 मिलीमीटर बरसात दर्ज की गई। अलवर, खेरथल तिजारा, कोटपुतली बहरोड़, सीकर, झुंझनु, जयपुर,भरतपुर, दौसा, धौलपुर, करौली, कोटा, झालावाड़, भीलवाड़ा, राजसमन्द, चित्तौड़गढ़, उदयपुर, चूरू, हनुमानगढ़, व श्रीगंगानगर जिलों में भी कहीं कहीं हल्की से मध्यम बारिश हुई। इसी के साथ ही राजस्थान में बारिश होने से मौसम एकबार फिर सुहाना होने के साथ ही किसानों को भी फसलों में फायदा पहुंचने वाला है।