Edited By Sourabh Dubey, Updated: 19 Aug, 2026 06:41 PM

राजस्थान में नगर निकाय चुनाव का बिगुल बज गया है। राज्य निर्वाचन आयोग ने निकाय चुनाव का कार्यक्रम जारी कर दिया है। इसके साथ ही डूंगरपुर जिले में भी चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं।
डूंगरपुर। राजस्थान में नगर निकाय चुनाव का बिगुल बज गया है। राज्य निर्वाचन आयोग ने निकाय चुनाव का कार्यक्रम जारी कर दिया है। इसके साथ ही डूंगरपुर जिले में भी चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। जिले की डूंगरपुर नगर परिषद और सागवाड़ा नगर पालिका में दो चरणों में मतदान कराया जाएगा।
डूंगरपुर नगर परिषद के 40 वार्डों के लिए पहले चरण में 9 सितंबर को मतदान होगा। वहीं सागवाड़ा नगर पालिका के 35 वार्डों में दूसरे चरण के तहत 11 सितंबर को वोट डाले जाएंगे। दोनों निकायों की मतगणना 14 सितंबर को होगी और इसी दिन चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे।
27 अगस्त से शुरू होगी नामांकन प्रक्रिया
चुनाव कार्यक्रम के अनुसार 27 अगस्त को चुनाव की अधिसूचना जारी होने के साथ ही नामांकन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। उम्मीदवार 31 अगस्त तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे। नामांकन पत्रों की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 3 सितंबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे।
डूंगरपुर-सागवाड़ा निकाय चुनाव कार्यक्रम
-
27 अगस्त: अधिसूचना जारी और नामांकन शुरू
-
31 अगस्त: नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख
-
3 सितंबर: नामांकन वापसी की अंतिम तारीख
-
9 सितंबर: डूंगरपुर नगर परिषद में मतदान
-
11 सितंबर: सागवाड़ा नगर पालिका में मतदान
-
14 सितंबर: मतगणना और चुनाव परिणाम
-
21 सितंबर: सभापति/अध्यक्ष का चुनाव
-
22 सितंबर: उपसभापति/उपाध्यक्ष का चुनाव
जनता चुनेगी पार्षद, पार्षद करेंगे सभापति-अध्यक्ष का चुनाव
निकाय चुनाव में पार्षदों का चुनाव सीधे जनता के वोट से होगा। इसके बाद निर्वाचित पार्षद मतदान के माध्यम से नगर परिषद के सभापति और नगर पालिका के अध्यक्ष का चुनाव करेंगे। इसी तरह उपसभापति और उपाध्यक्ष का चुनाव भी निर्वाचित पार्षदों द्वारा किया जाएगा।
चुनावी मैदान में बढ़ेगी राजनीतिक हलचल
चुनाव की तारीखों के ऐलान के साथ ही डूंगरपुर और सागवाड़ा में राजनीतिक गतिविधियां तेज होने की उम्मीद है। विभिन्न राजनीतिक दलों के संभावित उम्मीदवारों और दावेदारों ने भी चुनावी तैयारियां शुरू कर दी हैं। वार्ड स्तर पर समीकरणों को साधने और मजबूत प्रत्याशियों की तलाश का दौर अब और तेज होगा।