Edited By Ishika Jain, Updated: 18 Apr, 2026 04:25 PM

डूंगरपुर मेडिकल कॉलेज में नर्सिंग के 110 नियमित पद समाप्त किए जाने के फैसले के खिलाफ नर्सिंगकर्मियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। इसी के विरोध में राजस्थान नर्सेज एसोसिएशन की जिला इकाई ने शनिवार को जिला अस्पताल में काली पट्टी बांधकर काम करते हुए...
डूंगरपुर मेडिकल कॉलेज में नर्सिंग के 110 नियमित पद समाप्त किए जाने के फैसले के खिलाफ नर्सिंगकर्मियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। इसी के विरोध में राजस्थान नर्सेज एसोसिएशन की जिला इकाई ने शनिवार को जिला अस्पताल में काली पट्टी बांधकर काम करते हुए सरकार के निर्णय का विरोध दर्ज कराया।
एसोसिएशन के पदाधिकारियों के अनुसार, राज्य सरकार ने प्रदेश के विभिन्न मेडिकल कॉलेजों से कुल 1267 नर्सिंग पद समाप्त किए हैं, जिनमें डूंगरपुर मेडिकल कॉलेज के 110 पद भी शामिल हैं। इन पदों पर पहले से कार्यरत कर्मचारियों के चलते इस निर्णय से व्यापक असंतोष देखने को मिल रहा है।
नर्सिंगकर्मियों का कहना है कि डूंगरपुर क्षेत्र का यह एकमात्र मेडिकल कॉलेज है, जहां मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसे में नियमित पदों को खत्म करना न केवल अव्यावहारिक है, बल्कि इससे स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता पर भी असर पड़ेगा।
एसोसिएशन ने सरकार से तुरंत हस्तक्षेप कर इन पदों को पुनः बहाल करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि जल्द निर्णय वापस नहीं लिया गया, तो कर्मचारी धरना-प्रदर्शन जैसे कदम उठाने को मजबूर होंगे।
इस संबंध में एसोसिएशन के पदाधिकारी हितेश परमार ने बताया कि कर्मचारियों के हितों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा।