Edited By Anil Jangid, Updated: 26 Aug, 2026 01:10 PM

डूंगरपुर | नगर निकाय चुनाव 2026 को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने चुनावी तैयारियों को तेज कर दिया है। बुधवार को प्रताप सर्किल स्थित भाजपा कार्यालय में नगर निकाय चुनाव के लिए चुनाव कार्यालय का उद्घाटन किया गया।
डूंगरपुर | नगर निकाय चुनाव 2026 को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने चुनावी तैयारियों को तेज कर दिया है। बुधवार को प्रताप सर्किल स्थित भाजपा कार्यालय में नगर निकाय चुनाव के लिए चुनाव कार्यालय का उद्घाटन किया गया। इस दौरान भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने चुनाव में पार्टी को मजबूत करने तथा नगर परिषद में कमल खिलाने का संकल्प लिया।
चुनाव कार्यालय का उद्घाटन जिला संगठन प्रभारी वीरेंद्र सिंह चौहान, चुनाव प्रभारी वंदना मीणा, जिला अध्यक्ष अशोक पटेल, प्रदेश किसान मोर्चा मंत्री सुशील कटारा और संगठन सह प्रभारी नरेंद्र मीणा ने किया। कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, नगर मंडल के पदाधिकारी, विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और महिला कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत में पूर्व जिला अध्यक्ष गुरु प्रसाद पटेल ने स्वागत भाषण दिया। उन्होंने उपस्थित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए चुनाव को लेकर संगठन की तैयारियों और कार्यकर्ताओं की भूमिका पर प्रकाश डाला।
नकारात्मकता दूर कर लक्ष्य हासिल करने का आह्वान
जिला संगठन प्रभारी वीरेंद्र सिंह चौहान ने कार्यकर्ताओं से नकारात्मकता को दूर रखते हुए संगठन के लक्ष्य को हासिल करने के लिए पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने चुनाव में उम्मीदवारों के चयन को लेकर पारदर्शिता बरती है। ऐसे में सभी कार्यकर्ताओं को पार्टी हित को सर्वोपरि रखते हुए अधिकृत प्रत्याशी को जिताने के लिए एकजुट होकर काम करना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि संगठन में मेहनत और अनुशासन के साथ काम करने वाला कार्यकर्ता आगे बढ़ता है। आगामी निकाय चुनाव में भी कार्यकर्ताओं को पूरी ऊर्जा के साथ मैदान में उतरना होगा।
अधिकृत प्रत्याशियों को जिताने का दिलाया संकल्प
चुनाव प्रभारी वंदना मीणा ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पार्टी द्वारा तय किए गए प्रत्याशियों को भारी बहुमत से विजयी बनाने का आह्वान किया। उन्होंने संगठन की नीति और नियमों के अनुसार चुनावी रणनीति पर काम करने तथा आपसी समन्वय के साथ भाजपा के पक्ष में माहौल बनाने की बात कही। उन्होंने कार्यकर्ताओं को पार्टी की जीत के लिए पूरी निष्ठा से काम करने का संकल्प दिलाया।
विधायक प्रत्याशी बंसीलाल कटारा ने कहा कि चुनावी रणभेरी बजने के बाद प्रत्येक कार्यकर्ता को युद्ध स्तर पर पार्टी के लिए जी-जान से जुटना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अनुशासन बनाए रखते हुए बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और भाजपा के पक्ष में अधिक से अधिक मतदान कराने की अपील की।
बहकावे में न आएं, पार्टी हित में करें काम
संगठन सह प्रभारी नरेंद्र मीणा ने कहा कि भाजपा प्रत्याशियों को विजयी बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को मिलकर प्रयास करना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से विपक्षी दलों अथवा किसी भी प्रकार के बहकावे में नहीं आने और संगठन के निर्देशों के अनुरूप पार्टी हित में काम करने पर जोर दिया।
जिला अध्यक्ष अशोक पटेल और जिला महामंत्री पंकज जैन सहित कई पदाधिकारियों ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। वक्ताओं ने कहा कि निकाय चुनाव में भाजपा की जीत के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा और अनुशासन के साथ निभानी होगी। उन्होंने शहर के विकास और राष्ट्रहित को प्राथमिकता देते हुए कमल का फूल खिलाने के लिए मतदाताओं के बीच पहुंचने का आह्वान किया।
ये पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद
कार्यक्रम में पूर्व जिला अध्यक्ष गुरु प्रसाद पटेल, विधायक प्रत्याशी बंसीलाल कटारा, पूर्व सभापति अमृत कलासुआ, जिला महामंत्री पंकज जैन, नगर अध्यक्ष नयन सुथार सहित जिले के विभिन्न पदाधिकारी, मंडल पदाधिकारी, मोर्चों के पदाधिकारी, वरिष्ठ कार्यकर्ता और महिला कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
भाजपा नेताओं ने कहा कि नगर निकाय चुनाव को लेकर पार्टी का चुनाव कार्यालय कार्यकर्ताओं और संगठन के बीच समन्वय का केंद्र रहेगा। आगामी दिनों में यहीं से चुनावी गतिविधियों और संगठनात्मक तैयारियों को गति दी जाएगी।