Edited By Payal Choudhary, Updated: 13 Mar, 2026 07:13 PM
राजस्थान के जैसलमेर से अहमदाबाद जा रही एक प्राइवेट एसी स्लीपर बस में शुक्रवार तड़के भीषण आग लग गई। हादसे में एक यात्री की मौत हो गई, जबकि सात अन्य यात्री गंभीर रूप से झुलस गए। आग लगने के बाद बस में अफरा-तफरी मच गई और कई यात्रियों को जान बचाने के लिए...
राजस्थान के जैसलमेर से अहमदाबाद जा रही एक प्राइवेट एसी स्लीपर बस में शुक्रवार तड़के भीषण आग लग गई। हादसे में एक यात्री की मौत हो गई, जबकि सात अन्य यात्री गंभीर रूप से झुलस गए। आग लगने के बाद बस में अफरा-तफरी मच गई और कई यात्रियों को जान बचाने के लिए इमरजेंसी गेट से कूदना पड़ा।
यह हादसा शुक्रवार तड़के करीब 3:30 बजे गुजरात के बनासकांठा जिले के धानेरा इलाके में हुआ। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरी बस जलकर खाक हो गई।
नींद में थे यात्री, अचानक मचा हड़कंप
जानकारी के अनुसार यह बस स्वागत ट्रैवल्स की एसी स्लीपर बस थी, जो जैसलमेर जिले के नाचना से अहमदाबाद के बीच संचालित होती है। बस गुरुवार शाम करीब 6:30 बजे नाचना से रवाना हुई थी।
बस में कुल 16 यात्री सवार थे। हादसे के समय सभी यात्री गहरी नींद में थे। इसी दौरान अचानक बस के अंदर धुआं भरने लगा और देखते ही देखते आग की लपटें फैल गईं।
धुआं और आग देखते ही बस में अफरा-तफरी मच गई। यात्रियों ने किसी तरह पीछे बने इमरजेंसी गेट से बाहर कूदकर अपनी जान बचाई।
एक यात्री की मौत, सात झुलसे
हादसे में जैसलमेर जिले के खीनसर निवासी 40 वर्षीय अम्बालाल की इलाज के दौरान मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वे हादसे में करीब 90 प्रतिशत तक झुलस गए थे।
उन्हें गंभीर हालत में गुजरात के पालनपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
हादसे में झुलसे अन्य यात्रियों में—
शामिल हैं। सभी घायलों को धानेरा के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आग के बीच से कूदे यात्री
यात्रियों के अनुसार आग बहुत तेजी से फैल गई थी। बस के अंदर धुआं भरने से सांस लेना मुश्किल हो गया था।
जान बचाने के लिए कई यात्रियों ने चलती बस से कूदकर बाहर निकलने की कोशिश की। इस दौरान कई लोगों के हाथ, पैर और चेहरे झुलस गए, जबकि कुछ को कूदने के दौरान भी चोटें आईं।
एसी में शॉर्ट सर्किट की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस में आग लगने की वजह एयर कंडीशनिंग सिस्टम में शॉर्ट सर्किट हो सकती है।
हालांकि पुलिस ने अभी तक आग लगने के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। गुजरात पुलिस मामले की जांच कर रही है और घायलों से भी पूछताछ की जा रही है।
दवाई लेने जा रहा था मृतक
परिजनों के अनुसार मृतक अम्बालाल रामगढ़ में सिलाई का काम करते थे। उन्हें पिछले चार साल से डायबिटीज की बीमारी थी।
वे अहमदाबाद दवाई लेने के लिए जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही यह हादसा हो गया।
सामान और मोबाइल जलकर राख
बस संचालक निर्मल रैयानी ने बताया कि आग इतनी भीषण थी कि यात्रियों का पूरा सामान जलकर राख हो गया।
इसमें यात्रियों के मोबाइल फोन, दस्तावेज और अन्य कीमती सामान भी शामिल हैं। मोबाइल जल जाने के कारण कई यात्रियों का अपने परिजनों से संपर्क भी टूट गया।
उन्होंने बताया कि हादसे की जानकारी मिलते ही कंपनी की टीम को मौके पर भेजा गया है और यात्रियों के परिवारों से संपर्क करने की कोशिश की जा रही है।
पुलिस कर रही जांच
गुजरात पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए तकनीकी जांच कराई जाएगी।