Edited By Ishika Jain, Updated: 09 Oct, 2026 07:58 PM

हॉकी राजस्थान के अध्यक्ष महिपाल सिंह निंबाड़ा ने CM भजनलाल शर्मा को पत्र लिखकर खेलो राजस्थान कार्यक्रम में हॉकी को शामिल करने की मांग की।
राजस्थान में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित किए जा रहे ‘खेलो राजस्थान’ कार्यक्रम में हॉकी को शामिल करने की मांग उठी है। हॉकी राजस्थान के अध्यक्ष महिपाल सिंह निंबाड़ा ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को पत्र लिखकर इस खेल को कार्यक्रम में शामिल करने के लिए संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश देने का आग्रह किया है।
हॉकी को शामिल करने की उठाई मांग
महिपाल सिंह निंबाड़ा ने मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में कहा कि राजस्थान सरकार की ओर से प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और युवाओं में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘खेलो राजस्थान’ कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसके तहत प्रदेश के विभिन्न जिलों में खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन प्रस्तावित है। हालांकि, इस कार्यक्रम में हॉकी को शामिल नहीं किए जाने पर उन्होंने चिंता जताई है।
उन्होंने कहा कि हॉकी भारत की खेल विरासत, राष्ट्रीय गौरव और अंतरराष्ट्रीय पहचान का अभिन्न हिस्सा रही है। ऐसे में प्रदेश के इस महत्वपूर्ण खेल आयोजन में हॉकी को भी उचित स्थान मिलना चाहिए।
मेजर ध्यानचंद की विरासत का दिया हवाला
पत्र में महिपाल सिंह निंबाड़ा ने महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि भारतीय हॉकी के स्वर्णिम इतिहास में उनका योगदान अतुलनीय है। उनकी जयंती 29 अगस्त को प्रतिवर्ष राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाई जाती है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय खेल दिवस खेल भावना को प्रोत्साहित करने, खिलाड़ियों की प्रतिभा को सम्मान देने और देश में खेलों के विकास के प्रति प्रतिबद्धता दोहराने का अवसर है। ऐसे में मेजर ध्यानचंद की गौरवशाली विरासत को ध्यान में रखते हुए ‘खेलो राजस्थान’ कार्यक्रम में हॉकी को शामिल करना महत्वपूर्ण होगा।
ग्रामीण और शहरी खिलाड़ियों को मिलेगा मंच
हॉकी राजस्थान के अध्यक्ष ने अपने पत्र में कहा कि प्रदेश के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में हॉकी की प्रतिभाओं को उचित मंच, संसाधन और प्रोत्साहन उपलब्ध कराना आवश्यक है। ‘खेलो राजस्थान’ के माध्यम से हॉकी प्रतियोगिताओं का आयोजन होने से खेल की लोकप्रियता बढ़ाने, नई प्रतिभाओं की पहचान करने और राज्य में हॉकी के विकास को नई दिशा देने में मदद मिल सकती है।
उन्होंने कहा कि हॉकी को कार्यक्रम में शामिल करने से प्रदेश के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। साथ ही, युवा पीढ़ी भी इस गौरवशाली खेल से जुड़ने के लिए प्रेरित होगी।
मुख्यमंत्री से सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह
महिपाल सिंह निंबाड़ा ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से खिलाड़ियों के हित और हॉकी की गौरवशाली परंपरा को ध्यान में रखते हुए संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश देने का आग्रह किया है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि राज्य सरकार प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और हॉकी के विकास के लिए सकारात्मक निर्णय लेगी। अब इस मांग पर राज्य सरकार की ओर से क्या कदम उठाए जाते हैं, इस पर खेल जगत की नजर रहेगी।