Edited By Ishika Jain, Updated: 11 Jul, 2026 06:14 PM

डूंगरपुर में एसपी मनीष कुमार ने 289 पुलिसकर्मियों के तबादले किए। 13 सीआई, 11 एसआई समेत कई थानों के SHO बदले गए और नई जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
उदयपुर रेंज में पुलिस अधिकारियों के तबादलों के बाद अब डूंगरपुर जिले में भी बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार ने देर रात तबादला सूची जारी करते हुए कुल 289 पुलिसकर्मियों के स्थानांतरण के आदेश जारी किए हैं। इस सूची में पुलिस निरीक्षक (सीआई) से लेकर कांस्टेबल तक के अधिकारी और कर्मचारी शामिल हैं।
जारी आदेश के अनुसार 13 पुलिस निरीक्षक (सीआई), 11 उपनिरीक्षक (एसआई), 92 सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई), 75 हेड कांस्टेबल और 98 कांस्टेबलों का तबादला किया गया है। इन तबादलों के बाद जिले के कई थानों और पुलिस इकाइयों में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
तबादला सूची के तहत हिमांशु सिंह को डूंगरपुर शहर कोतवाली का नया थाना प्रभारी बनाया गया है। वहीं, महिला पुलिस निरीक्षक संगीता बंजारा को सदर थाना की कमान सौंपी गई है। देवेंद्र सिंह देवल को बिछीवाड़ा, चंद्रशेखर को धम्बोला, शिवराज गुर्जर को दोवड़ा तथा रामेशलाल को चितरी थाने का प्रभारी नियुक्त किया गया है। इसके अलावा मुकेश मेघवाल को साइबर थाना और तेज सिंह को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एसआईयूसीएडब्ल्यू कार्यालय में पदस्थ किया गया है।
अन्य प्रमुख नियुक्तियों में शैलेंद्र सिंह को आसपुर थाना प्रभारी, रतनलाल को चौरासी थाना, नारायणलाल को एएचटीयू कार्यालय तथा घनश्याम सिंह को साइबर थाना भेजा गया है। वहीं, विनोद कुमार को अपराध सहायक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
उपनिरीक्षक स्तर पर भी व्यापक बदलाव किए गए हैं। देवेंद्र सिंह को वरदा, रघुवीर सिंह को कुंआ, भरतलाल को निठाउवा, कांतिलाल को कोतवाली, अमृतलाल को दोवड़ा, लक्ष्मणलाल को पुनर्वास कॉलोनी सागवाड़ा, रमेशचंद्र को धम्बोला, कालूलाल को चौरासी, नारायणलाल को बनकोड़ा अस्थायी चौकी, रमेशचंद्र हाजाजी को कोतवाली तथा रमेशचंद्र मोतीराम को देवल चौकी में नई जिम्मेदारी दी गई है।
पुलिस विभाग का मानना है कि इस प्रशासनिक फेरबदल से जिले में पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने, कानून-व्यवस्था को मजबूत करने तथा प्रशासनिक कार्यों में गति लाने में मदद मिलेगी।