Edited By LUCKY SHARMA, Updated: 08 Oct, 2026 05:35 PM

पहले चरण में झील की पाल पर लगाए जा रहे 26 डेट पाम, दूसरे चरण में पाल और आसपास के क्षेत्र का होगा सौंदर्यीकरण; पर्यटन नगरी के रूप में विकसित करने की तैयारी
डूंगरपुर। शहर के बीचोंबीच स्थित गेप सागर झील की पाल अब नए रंग-रूप में नजर आएगी। नगर परिषद ने स्वच्छता के साथ शहर की सुंदरता बढ़ाने की दिशा में कदम बढ़ाते हुए गुरुवार से गेप सागर के सौंदर्यीकरण अभियान की शुरुआत की। पहले चरण में झील की पाल पर 26 डेट पाम लगाए जाएंगे। इसके बाद दूसरे चरण में पाल और आसपास के क्षेत्र में विभिन्न सौंदर्यीकरण कार्य किए जाएंगे।
नगर परिषद की तैयारी है कि दिवाली से पहले गेप सागर झील क्षेत्र को पहले से ज्यादा आकर्षक बनाया जाए। सौंदर्यीकरण अभियान का शुभारंभ स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर एवं पूर्व सभापति केके गुप्ता और राम बोला मठ के महंत शिवशंकर दास ने किया। इस दौरान सभापति सुशीला गुप्ता, उपसभापति अनिल पटेल, सहायक अभियंता भकतेश पाटीदार, पार्षद नीता सोमपुरा, सुमित्रा जैन और मनीष सेवक सहित शहर के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
अतिथियों ने कराटे में पदक जीतकर लौटी बेटियों के साथ डेट पाम का पौधा लगाकर अभियान की शुरुआत की।
पर्यटन स्थल के रूप में विकसित होगा गेप सागर
पूर्व सभापति केके गुप्ता ने कहा कि डूंगरपुर की पहचान अब तक स्वच्छता के क्षेत्र में बनी है, लेकिन अब शहर के विकास और सुंदरता पर भी फोकस किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शहर के बीचोंबीच गेप सागर जैसी झील होना बड़ी उपलब्धि है। इसके आसपास का क्षेत्र सुंदर और व्यवस्थित बनाया जाए तो यह स्थानीय लोगों के साथ बाहर से आने वाले पर्यटकों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बन सकता है।
उन्होंने बताया कि गेप सागर में पानी की आवक को लेकर कलेक्टर से भी चर्चा हुई है। सोम कमला आंबा बांध से गेप सागर में पानी लाने की दिशा में जल्द काम किए जाने की तैयारी है।
दिवाली तक दिखेगा बदलाव
सभापति सुशीला गुप्ता ने कहा कि गेप सागर के सौंदर्यीकरण के साथ डूंगरपुर को पर्यटन के नक्शे पर मजबूत पहचान दिलाने की योजना है। पहले चरण में 26 डेट पाम लगाए जा रहे हैं। इसके बाद दूसरे चरण में सौंदर्यीकरण से जुड़े अन्य कार्य किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि दिवाली से पहले झील क्षेत्र को और आकर्षक बनाने का प्रयास किया जाएगा। नगर परिषद की ओर से शहर में स्वच्छता के साथ विकास और सुंदरता को लेकर भी कई योजनाओं पर काम किया जा रहा है।
शहर के पार्कों का भी होगा सौंदर्यीकरण
उपसभापति अनिल पटेल ने कहा कि गेप सागर के साथ शहर के सभी पार्कों के सौंदर्यीकरण पर भी काम किया जाएगा। वहीं महंत शिवशंकर दास ने कहा कि डूंगरपुर को स्वच्छ शहर के साथ पर्यटन नगरी के रूप में पहचान दिलाने की दिशा में काम होना चाहिए।
कार्यक्रम में समाजसेवी सिद्धार्थ मेहता, गोपाल मराठा, नगर परिषद के हितेश रोत, प्रकाश महावर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।