डूंगरपुर जिला अस्पताल में डॉक्टरों का पेन डाउन प्रदर्शन, वेतन नहीं मिलने से बढ़ा विरोध

Edited By Ishika Jain, Updated: 11 May, 2026 04:25 PM

dungarpur doctors pen down strike salary issue hospital opd

डूंगरपुर के हरिदेव जोशी जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने बकाया वेतन की मांग को लेकर एक घंटे का पेन डाउन प्रदर्शन किया। ओपीडी सेवाएं प्रभावित होने से मरीजों को इंतजार करना पड़ा।

राजस्थान के डूंगरपुर में वेतन भुगतान नहीं होने से नाराज डॉक्टरों का विरोध प्रदर्शन लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा। मेडिकल कॉलेज डूंगरपुर से जुड़े हरिदेव जोशी जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने सोमवार सुबह एक घंटे का पेन डाउन आंदोलन किया, जिससे अस्पताल की ओपीडी सेवाएं प्रभावित हुईं और मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

जानकारी के अनुसार डॉक्टर सुबह अस्पताल पहुंचने के बाद सीधे ओपीडी में नहीं गए, बल्कि अस्पताल परिसर के पोर्च में एकत्रित होकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान डॉक्टरों ने सरकार और मेडिकल कॉलेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जल्द लंबित वेतन जारी करने की मांग उठाई।

राजस्थान मेडिकल कॉलेज टीचर्स एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष डॉ. विजय मीणा ने बताया कि मेडिकल कॉलेज से जुड़े डॉक्टरों को पिछले तीन महीनों से वेतन नहीं मिला है। वेतन अटकने के कारण डॉक्टर आर्थिक और पारिवारिक समस्याओं से जूझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहले काली पट्टी बांधकर विरोध जताया गया था, लेकिन समस्या का समाधान नहीं होने पर पेन डाउन आंदोलन शुरू करना पड़ा।

डॉक्टरों ने कहा कि मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इमरजेंसी सेवाएं बंद नहीं की गई हैं और आपातकालीन उपचार लगातार जारी है। हालांकि, उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द वेतन जारी नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा और पेन डाउन हड़ताल की अवधि भी बढ़ाई जा सकती है।

सुबह 8 बजे से 9 बजे तक चले इस प्रदर्शन के दौरान ओपीडी सेवाएं प्रभावित रहीं। कई मरीज डॉक्टरों के इंतजार में अस्पताल परिसर में बैठे रहे। निर्धारित समय पूरा होने के बाद डॉक्टर वापस ओपीडी और वार्ड में लौटे, जिसके बाद चिकित्सा सेवाएं सामान्य हो सकीं।

Related Story

    Trending Topics

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!