Edited By Anil Jangid, Updated: 26 Feb, 2026 05:22 PM

नागौर। राजस्थान के नागौर जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। जिले के गोटन कस्बे स्थित Gotan International School में खेलते समय 9 वर्षीय छात्रा दिव्या बापेडिया की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार डॉक्टरों ने कार्डियक...
नागौर। राजस्थान के नागौर जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। जिले के गोटन कस्बे स्थित Gotan International School में खेलते समय 9 वर्षीय छात्रा दिव्या बापेडिया की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार डॉक्टरों ने कार्डियक अरेस्ट की आशंका जताई है। इस घटना से परिवार और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।
घटना 23 फरवरी की सुबह करीब 7:48 बजे की बताई जा रही है। तालनपुर निवासी राजेंद्र बापेडिया की पुत्री दिव्या पांचवीं कक्षा की छात्रा थी। वह रोज की तरह स्कूल पहुंची थी। प्रार्थना सभा शुरू होने से पहले कुछ बच्चे स्कूल परिसर में खेल रहे थे। इसी दौरान दिव्या अचानक लड़खड़ाई और जमीन पर गिर पड़ी। साथी बच्चों और शिक्षकों ने तुरंत उसे संभाला और स्कूल प्रबंधन को सूचना दी।
स्कूल स्टाफ ने बिना समय गंवाए बच्ची को नजदीकी सरकारी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार शरीर पर किसी प्रकार की बाहरी चोट के निशान नहीं थे। प्राथमिक जांच में हृदय गति रुकने यानी कार्डियक अरेस्ट की संभावना जताई गई। हालांकि परिजनों ने पोस्टमॉर्टम कराने से इनकार कर दिया, जिसके बाद शव उन्हें सौंप दिया गया।
इस घटना ने परिवार के पुराने घाव भी हरे कर दिए हैं। जानकारी के अनुसार दिव्या के बड़े भाई अभिषेक की भी लगभग चार महीने पहले अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई थी। 9 सितंबर 2025 को वह घर पर खेलते समय बेहोश हो गया था और अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। लगातार दो बच्चों की असमय मौत से परिवार गहरे सदमे में है।
गांव और आसपास के क्षेत्र में भी घटना के बाद शोक का माहौल है। स्थानीय लोग परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं। चिकित्सकों का कहना है कि बच्चों में अचानक कार्डियक अरेस्ट के मामलों को गंभीरता से लेने और समय पर स्वास्थ्य जांच कराने की आवश्यकता है। फिलहाल पूरे मामले ने सभी को स्तब्ध कर दिया है।