पंजाब में ग्राउंड पर डॉ. सतीश पूनिया, ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ की तैयारियों में जुटी बीजेपी

Edited By Sourabh Dubey, Updated: 16 Sep, 2026 03:34 PM

punjab nasha mukt yatra satish poonia bjp pathankot jalandhar

पंजाब में आगामी ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी सिलसिले में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री और पंजाब-हरियाणा प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया पंजाब के लगातार दौरे पर हैं। वह पार्टी पदाधिकारियों,...

चंडीगढ़/पठानकोट। पंजाब में आगामी ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी सिलसिले में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री और पंजाब-हरियाणा प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया पंजाब के लगातार दौरे पर हैं। वह पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों से मुलाकात कर यात्रा की तैयारियों का जायजा ले रहे हैं

भाजपा की ओर से घोषित कार्यक्रम के मुताबिक ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ का पहला चरण 18 सितंबर 2026 को पठानकोट के माधोपुर स्थित एकता स्थल से शुरू होगा। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन इसे हरी झंडी दिखाएंगे। इसके बाद चार यात्राएं राज्य की सभी 117 विधानसभा सीटों तक पहुंचने का कार्यक्रम है और कुल मिलाकर करीब 4,000 किलोमीटर की दूरी तय की जाएगी। 

यात्रा को लेकर डॉ. सतीश पूनिया पंजाब के अलग-अलग क्षेत्रों में संगठनात्मक बैठकों में शामिल हो रहे हैं। अबोहर, फाजिल्का और पठानकोट में उनके प्रवास के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से संवाद कर यात्रा में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है।

भाजपा के पंजाब अध्यक्ष सरदार केवल सिंह ढिल्लों भी लगातार तैयारियों की समीक्षा कर रहे हैं। 15 सितंबर को फतेहगढ़ साहिब में उन्होंने डॉ. सतीश पूनिया के साथ यात्रा से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया और पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। 

भाजपा के मुताबिक इस अभियान का मुख्य फोकस पंजाब में नशे के खिलाफ जनजागरूकता पैदा करना और इसे व्यापक जन-अभियान का रूप देना है। पार्टी ने यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों को भी उठाने की बात कही है।

30 सितंबर को जालंधर में यात्रा का समापन प्रस्तावित है, जहां एक बड़ी जनसभा आयोजित की जाएगी। इस कार्यक्रम को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह संबोधित करेंगे। 

पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा की यह राज्यव्यापी यात्रा संगठन के जमीनी विस्तार और जनसंपर्क अभियान के लिहाज से भी महत्वपूर्ण कार्यक्रम के रूप में सामने आई है। भाजपा नेतृत्व लगातार पंजाब में संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने पर जोर दे रहा है।

 

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!