Edited By Afjal Khan, Updated: 19 Feb, 2026 06:18 PM

हनुमानगढ़ जिले में गुरुवार सुबह हल्का कोहरा देखने को मिला। ग्रामीण क्षेत्रों में भी कुछ स्थानों पर धुंध की स्थिति रही, लेकिन सूर्योदय के बाद मौसम साफ हो गया। दिनभर मौसम सुहावना रहने की संभावना जताई गई है। अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री सेल्सियस और...
हनुमानगढ़ जिले में गुरुवार सुबह हल्का कोहरा देखने को मिला। ग्रामीण क्षेत्रों में भी कुछ स्थानों पर धुंध की स्थिति रही, लेकिन सूर्योदय के बाद मौसम साफ हो गया। दिनभर मौसम सुहावना रहने की संभावना जताई गई है। अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
पश्चिमी विक्षोभ के असर से हुई झमाझम बारिश
हाल ही में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मंगलवार देर रात जिलेभर में अच्छी बारिश दर्ज की गई। सभी ब्लॉकों में कुल मिलाकर 133 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। इस बरसात का असर तापमान पर भी साफ दिखा।
महज तीन दिनों में अधिकतम तापमान में करीब 6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई। 15-16 फरवरी को जहां पारा 33 से 34 डिग्री तक पहुंच गया था, वहीं बारिश के बाद इसमें कमी दर्ज की गई। न्यूनतम तापमान भी 15 से गिरकर 12 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था।
बादलों की आवाजाही जारी रहने की संभावना
मौसम विभाग ने 17 से 19 फरवरी के बीच वर्षा की संभावना जताई थी। आने वाले एक-दो दिन तक आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है, जिससे तापमान सामान्य से नीचे रहने के आसार हैं। इस बदलाव से लोगों को बढ़ती गर्मी से राहत मिली है।
रबी फसलों के लिए अनुकूल माहौल
कृषि विभाग के अनुसार मौजूदा मौसम रबी फसलों के लिए लाभकारी साबित हो सकता है। जिले में इस बार लगभग 2.39 लाख हेक्टेयर में गेहूं और करीब 2 लाख हेक्टेयर में सरसों की बुवाई की गई है।
बारिश से खेतों में पर्याप्त नमी बनी हुई है, जिससे किसानों को एक सिंचाई का पानी बचाने का फायदा मिल सकता है। दाना भराव की अवस्था में खड़ी फसलों को इस नमी से मजबूती मिलने और उत्पादन बेहतर रहने की उम्मीद जताई जा रही है।