झुंझुनूं में 300 किमी पीछा कर पकड़ा चोरी का आरोपी, 500 CCTV खंगालकर हरियाणा से दबोचा!

Edited By Payal Choudhary, Updated: 28 Feb, 2026 06:44 PM

jhunjhunu theft accused arrested haryana 300km chase 500 cctv scan jhunjhunu ra

राजस्थान के झुंझुनूं जिले में बंद मकानों को निशाना बनाकर लाखों की चोरी करने वाले गिरोह के एक और आरोपी को पुलिस ने हरियाणा से गिरफ्तार कर लिया है। मलसीसर थाना पुलिस ने करीब 300 किलोमीटर तक पीछा करने, 500 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने और तकनीकी...

राजस्थान के झुंझुनूं जिले में बंद मकानों को निशाना बनाकर लाखों की चोरी करने वाले गिरोह के एक और आरोपी को पुलिस ने हरियाणा से गिरफ्तार कर लिया है। मलसीसर थाना पुलिस ने करीब 300 किलोमीटर तक पीछा करने, 500 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से फरार आरोपी सुखवीर उर्फ फौजी को दबोचने में सफलता हासिल की।

300 किलोमीटर तक चला पीछा

मलसीसर थानाधिकारी डॉ. महेंद्र कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम ने आरोपी की तलाश में राजस्थान और हरियाणा के कई इलाकों में दबिश दी। पुलिस ने संभावित रूट की पहचान कर 300 किलोमीटर के दायरे में लगे 500 से ज्यादा CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली। फुटेज के आधार पर संदिग्ध गतिविधियों को ट्रैक किया गया और तकनीकी साक्ष्यों को जोड़ते हुए आरोपी के ठिकाने तक पहुंच बनाई गई।

आखिरकार पुलिस ने सुखवीर उर्फ फौजी पुत्र स्व. दल्लेराम, निवासी वार्ड नंबर 07, भूना (हरियाणा) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और पुलिस से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था।

पहले ही 3 आरोपी गिरफ्तार

इस मामले में पुलिस पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। इनमें अतुल कुमार उर्फ आशु (फतेहाबाद, हरियाणा), अनिल उर्फ चिकना (टोहाना, हरियाणा) और कमल सोनी (भट्टूकलां, हरियाणा) शामिल हैं। पुलिस का मानना है कि यह गिरोह बंद और सुनसान मकानों को टारगेट करता था और रेकी के बाद वारदात को अंजाम देता था।

क्या था पूरा मामला?

दरअसल, टमकोर निवासी पीड़ित ने मलसीसर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पीड़ित सपरिवार जयपुर में रहता है और पैतृक मकान गांव में स्थित है। पीछे से चोरों ने उसके पैतृक मकान और छोटे भाई के कमरे के ताले तोड़ दिए। घर से सोने के हार, टॉप्स, करीब 270 ग्राम वजन की चांदी की पायजेब, इराक से लाई गई कीमती कंबलें, नए नोटों की गड्डियां और पहनने के कपड़े चोरी कर लिए गए।

चोरों ने सिर्फ एक ही घर नहीं, बल्कि गांव के अन्य मकानों को भी निशाना बनाया। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था। ग्रामीणों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

तकनीकी जांच बनी अहम कड़ी

पुलिस जांच में तकनीकी सर्विलांस, मोबाइल लोकेशन ट्रैकिंग और मुखबिर तंत्र की अहम भूमिका रही। CCTV फुटेज से संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की पहचान की गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि संगठित तरीके से की गई इस जांच ने मामले को सुलझाने में निर्णायक भूमिका निभाई।

अब पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है, ताकि गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी के माल की बरामदगी को लेकर और जानकारी जुटाई जा सके। संभावना है कि पूछताछ में और भी खुलासे हो सकते हैं।

झुंझुनूं पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में बड़ी सफलता माना जा रहा है। लगातार बढ़ रही चोरी की वारदातों के बीच यह गिरफ्तारी पुलिस के लिए राहत की खबर है।

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!