विधानसभा सत्र से पहले 18 अगस्त को सर्वदलीय बैठक बुलाएंगे स्पीकर वासुदेव देवनानी

Edited By LUCKY SHARMA, Updated: 05 Aug, 2026 05:43 PM

vasudev devnani all party meeting rajasthan assembly session 18 august

20 अगस्त से शुरू होगा राजस्थान विधानसभा का षष्ठम सत्र, देवनानी बोले- सदन की गरिमा बनाए रखना सभी दलों की सामूहिक जिम्मेदारी

जयपुर। राजस्थान विधानसभा के षष्ठम सत्र से पहले विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने 18 अगस्त को सर्वदलीय बैठक बुलाई है। बैठक सुबह 11 बजे विधानसभा में आयोजित होगी। सोलहवीं राजस्थान विधानसभा का षष्ठम सत्र 20 अगस्त से शुरू होने जा रहा है।

सत्र से पहले सर्वदलीय बैठक बुलाने वाले पहले स्पीकर

वासुदेव देवनानी की ओर से सत्र से पहले सर्वदलीय बैठक बुलाने की पहल को राजस्थान विधानसभा के इतिहास में महत्वपूर्ण बताया गया है। वे राजस्थान विधानसभा में सत्र से पहले इस तरह की सर्वदलीय बैठक बुलाने वाले पहले विधानसभा अध्यक्ष हैं।

देवनानी ने कहा कि सदन जनहित के मुद्दों पर चर्चा का पवित्र स्थल है और इसकी गरिमा बनाए रखना सभी दलों के विधायकों की सामूहिक जिम्मेदारी है। सदन की कार्यवाही शांतिपूर्ण और सुचारू रूप से चलाने की दिशा में सर्वदलीय बैठक महत्वपूर्ण कदम है।

CM भजनलाल शर्मा समेत इन नेताओं को बुलाया

स्पीकर देवनानी ने बताया कि बैठक में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल, सरकारी मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग, मुख्य सचेतक प्रतिपक्ष रफीक खान, विधायक डॉ. सुभाष गर्ग, मनोज कुमार और थावर चन्द को आमंत्रित किया गया है। विधानसभा सचिवालय की ओर से सभी को बैठक के लिए पत्र भेजे गए हैं।

'आपसी सहमति का महत्वपूर्ण कदम है सर्वदलीय बैठक'

वासुदेव देवनानी ने कहा कि सर्वदलीय बैठक लोकतांत्रिक परंपराओं को मजबूत करने का सशक्त माध्यम है। इससे सदन की कार्यवाही में सभी दलों की सहभागिता सुनिश्चित होती है और जनहित के मुद्दों पर सार्थक चर्चा का रास्ता खुलता है।

उन्होंने कहा कि विधानसभा सत्र को शांतिपूर्ण ढंग से चलाने के लिए सभी दलों के बीच सहमति बनाना सर्वदलीय बैठक का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।

देवनानी की अध्यक्षता में होगी सातवीं सर्वदलीय बैठक

स्पीकर वासुदेव देवनानी की अध्यक्षता में सोलहवीं राजस्थान विधानसभा में यह सातवीं सर्वदलीय बैठक होगी। इससे पहले छह बैठकें आयोजित हो चुकी हैं।

देवनानी ने कहा कि सर्वदलीय बैठकों की परंपरा लोकतांत्रिक संवाद और संसदीय समन्वय को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम रही है। पिछली बैठकों के माध्यम से विभिन्न दलों के बीच सदन की कार्यवाही को लेकर बेहतर सामंजस्य विकसित हुआ है।

उन्होंने कहा कि इन बैठकों से सदन के प्रभावी संचालन, जनमहत्व के मुद्दों पर सार्थक चर्चा और संसदीय परंपराओं के अनुरूप कार्यवाही संचालित करने के लिए सकारात्मक माहौल बना है।

विधानसभा अध्यक्ष ने विश्वास जताया कि आगामी सर्वदलीय बैठक भी षष्ठम सत्र को सुव्यवस्थित, गरिमापूर्ण और जनहित के प्रति समर्पित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!