Edited By LUCKY SHARMA, Updated: 03 Jun, 2026 08:19 AM

महाराणा प्रताप सभागार में होगा भव्य संगीत समारोह, प्रसिद्ध साउंड रिकॉर्डिस्ट विवेक उपाध्याय का होगा सम्मान
जयपुर। संगीत प्रेमियों के लिए खुशखबरी है। संकल्प कल्चरल सोसायटी की ओर से आगामी 14 जून को भव्य म्यूजिकल कार्यक्रम ‘सुरीला कारवां’ का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम जयपुर के महाराणा प्रताप सभागार में आयोजित होगा, जहां शहर के नामी प्रोफेशनल और शौकिया गायक अपनी मधुर प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे।
संस्था के संस्थापक एवं चेयरमैन राजेश शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम में प्रसिद्ध ऑर्केस्ट्रा डो-रे-मी के संगीतकारों के साथ शहर के कई प्रतिभाशाली सिंगर्स मंच साझा करेंगे। कार्यक्रम में बॉलीवुड, गजल, पुराने सदाबहार गीतों और लोकप्रिय संगीत की रंगारंग प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
20 से अधिक कलाकार देंगे प्रस्तुति
‘सुरीला कारवां’ में राजेश शर्मा, डॉ. साकेत माथुर, सुमंत मुखर्जी, शिखा माथुर, विनय शर्मा, कविता आर्य, कीर्ति शर्मा, जया शर्मा, सतीश जैन, किशोर सरावगी, अनिल कुमार शर्मा, निकिता बंसल, सरिता काला, शीना माथुर, नवीन अग्रवाल, राम माहेश्वरी, हेमन्त सोनखिया, विनय डुढोरिया और अश्विनी कुमार वाधवा सहित कई कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
विवेक उपाध्याय का होगा सम्मान
सोसायटी की एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर जया शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान प्रसिद्ध साउंड रिकॉर्डिस्ट, मेंडोलिन व गिटार वादक विवेक उपाध्याय को उनके संगीत क्षेत्र में विशेष योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा।
राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मंचों पर पहचान बना चुका है डो-रे-मी
कार्यक्रम के डायरेक्टर सतीश पोपली ने बताया कि ऑर्केस्ट्रा डो-रे-मी के संगीतकारों ने देश और विदेश के कई प्रतिष्ठित मंचों पर अपनी शानदार प्रस्तुतियों से विशेष पहचान बनाई है। यही वजह है कि संगीत प्रेमियों के बीच इस कार्यक्रम को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
संगीत प्रेमियों के लिए यादगार शाम
आयोजकों का कहना है कि ‘सुरीला कारवां’ केवल एक संगीत कार्यक्रम नहीं, बल्कि संगीत साधकों और कला प्रेमियों का उत्सव है, जहां अनुभवी और नए कलाकार एक साथ मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।