Edited By Ishika Jain, Updated: 31 Oct, 2026 09:23 AM

राष्ट्र सर्वोपरि की भावना और वैचारिक विमर्श को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शब्द रसायन संस्थान की ओर से 31 अक्टूबर को जयपुर में ‘शब्द प्रेरणा’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम लाल बहादुर शास्त्री (एलबीएस) पीजी कॉलेज में आयोजित होगा, जिसमें...
जयपुर। राष्ट्र सर्वोपरि की भावना और वैचारिक विमर्श को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शब्द रसायन संस्थान की ओर से 31 अक्टूबर को जयपुर में ‘शब्द प्रेरणा’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम लाल बहादुर शास्त्री (एलबीएस) पीजी कॉलेज में आयोजित होगा, जिसमें अफ्रीकी देश मालावी गणराज्य में भारत के राजदूत अमराराम गुजर विद्यार्थियों और शिक्षकों को विशिष्ट व्याख्यान देंगे।
संस्थान के निदेशक डॉ. रेवंत दान और मानद सचिव मुरारी गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि ‘शब्द प्रेरणा’ शृंखला के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में कॉलेज के विद्यार्थियों, शिक्षकों के साथ एनसीसी और एनएसएस कैडेट्स भी शामिल होंगे। इस दौरान भारतीय राजदूत अमराराम गुजर अपने अनुभवों और विचारों के माध्यम से युवाओं को प्रेरित करेंगे।
उन्होंने बताया कि अमराराम गुजर मूल रूप से राजस्थान के पाली जिले से संबंध रखते हैं। उनका जीवन संघर्ष, परिश्रम और सफलता की प्रेरणादायक कहानी है, जो नई पीढ़ी के लिए मार्गदर्शक साबित हो सकती है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे गुजर का अनुभव विद्यार्थियों को जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित करने और उन्हें हासिल करने की प्रेरणा देगा।
शब्द रसायन संस्थान भारतीय ज्ञान परंपरा को मूल प्रेरणा मानते हुए नई पीढ़ी को देश की सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और बौद्धिक विरासत से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयासरत है। संस्थान का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्र सर्वोपरि की भावना विकसित करने के साथ उन्हें सकारात्मक वैचारिक विमर्श से जोड़ना है।
इसी उद्देश्य के तहत ‘शब्द प्रेरणा’ कार्यक्रम की परिकल्पना की गई है, जिसके माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले व्यक्तित्वों के विचारों और अनुभवों को युवाओं तक पहुंचाया जाता है।