जयपुर में 27-28 अक्टूबर को होगी विद्युत वितरण निगमों की 10वीं राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस, 500 से अधिक विशेषज्ञ होंगे शामिल

Edited By Sourabh Dubey, Updated: 26 Oct, 2026 04:42 PM

jaipur distribution utility meet 2026 electricity conference

राजस्थान की राजधानी जयपुर में 27 और 28 अक्टूबर को विद्युत वितरण क्षेत्र की 10वीं राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस डिस्ट्रीब्यूशन यूटिलिटी मीट-2026 का आयोजन किया जाएगा। इंडिया स्मार्ट ग्रिड फोरम और राज्य सरकार के ऊर्जा विभाग की सहभागिता से होने वाले इस दो दिवसीय...

जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर में 27 और 28 अक्टूबर को विद्युत वितरण क्षेत्र की 10वीं राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस डिस्ट्रीब्यूशन यूटिलिटी मीट-2026 का आयोजन किया जाएगा। इंडिया स्मार्ट ग्रिड फोरम और राज्य सरकार के ऊर्जा विभाग की सहभागिता से होने वाले इस दो दिवसीय सम्मेलन में देश-विदेश के 500 से अधिक प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। राजस्थान में पहली बार इस राष्ट्रीय स्तर के आयोजन का आयोजन किया जा रहा है।

सम्मेलन का उद्घाटन मंगलवार सुबह 10 बजे होटल ललित में राजस्थान के ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर और मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास करेंगे। कार्यक्रम में भारत सरकार के विद्युत मंत्रालय, नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय, विभिन्न राज्यों के विद्युत वितरण निगमों, केंद्रीय एवं राज्य विद्युत नियामक आयोगों के प्रतिनिधि और ऊर्जा क्षेत्र के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे।

सात सत्रों में बिजली वितरण क्षेत्र की चुनौतियों पर होगा मंथन

दो दिवसीय सम्मेलन में सात अलग-अलग सत्रों के माध्यम से देश के विद्युत वितरण तंत्र को मजबूत बनाने, आर्थिक सुधारों और आधुनिक तकनीकों के इस्तेमाल पर चर्चा होगी। इसमें डिस्कॉम्स की वित्तीय स्थिति मजबूत करने, डिजिटलीकरण, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), स्मार्ट ग्रिड, साइबर सुरक्षा और ग्रिड के आधुनिकीकरण जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल हैं।

इसके अलावा नवीकरणीय ऊर्जा के बढ़ते अवसरों, ऊर्जा भंडारण, शून्य कार्बन उत्सर्जन के लक्ष्य और स्मार्ट बिजली प्रबंधन पर भी विशेषज्ञ अपने विचार साझा करेंगे। डेटा सेंटरों और इलेक्ट्रिक वाहनों की चार्जिंग से बिजली की बढ़ती मांग के बीच निर्बाध और विश्वसनीय विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की रणनीतियों पर भी चर्चा की जाएगी।

सम्मेलन की थीम ‘सहयोगी विकास के लिए विद्युत वितरण निगमों का एकीकरण’ रखी गई है। आयोजन में जयपुर, जोधपुर और अजमेर विद्युत वितरण निगम प्रमुख आयोजक की भूमिका निभाएंगे। वहीं टाटा पावर, चंडीगढ़ पावर, नोएडा पावर, बीएसईएस राजधानी पावर और बीएसईएस यमुना पावर सहित अन्य वितरण कंपनियां सह-आयोजक होंगी।

अमेरिका, यूरोप, दक्षिण कोरिया और जापान के विशेषज्ञ भी लेंगे भाग

डिस्ट्रीब्यूशन यूटिलिटी मीट-2026 में अंतरराष्ट्रीय स्तर के तकनीकी विशेषज्ञों और ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े हितधारकों को भी आमंत्रित किया गया है। अमेरिका, यूरोप, दक्षिण कोरिया और जापान सहित विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। सम्मेलन में बिजली वितरण क्षेत्र के सामने आ रही चुनौतियों के समाधान और वैश्विक स्तर पर अपनाई जा रही आधुनिक तकनीकों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

पहले दिन वित्तीय सुधार और स्मार्ट मीटर पर विशेष चर्चा

सम्मेलन के पहले दिन उद्घाटन समारोह के बाद तीन महत्वपूर्ण सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें डिस्कॉम्स के वित्तीय रूपांतरण, बिजली वितरण क्षेत्र में डिजिटल इंटेलिजेंस की बढ़ती भूमिका और स्मार्ट मीटर के आधुनिक डेटा विश्लेषण जैसे विषयों पर चर्चा होगी।

इसके साथ ही बढ़ते विद्युत भार के अनुरूप निर्बाध और भरोसेमंद बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने में नवीकरणीय ऊर्जा की भूमिका पर भी विशेषज्ञ विचार रखेंगे।

उद्घाटन समारोह में केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण के अध्यक्ष घनश्याम प्रसाद, कैलिफोर्निया एनर्जी कमीशन के वाइस चेयरपर्सन सिवा गंडा, ऑल इंडिया डिस्कॉम्स एसोसिएशन के महानिदेशक आलोक कुमार, गुजरात ऊर्जा विकास निगम लिमिटेड की प्रबंध निदेशक शालिनी अग्रवाल और अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं विशेषज्ञ भी संबोधित करेंगे।

कार्यक्रम के दौरान इंडिया स्मार्ट ग्रिड फोरम, पावर फाउंडेशन ऑफ इंडिया और इंडिया सोलर ग्रिड फोरम की ओर से विभिन्न पहल और रिपोर्ट जारी की जाएंगी।

यह सम्मेलन राजस्थान के ऊर्जा क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इससे विद्युत वितरण व्यवस्था में तकनीकी नवाचार, वित्तीय सुधार और अंतरराष्ट्रीय अनुभवों के आदान-प्रदान को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

Related Story

    Trending Topics

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!