Edited By LUCKY SHARMA, Updated: 03 Aug, 2026 01:48 PM

केंद्रीय मंत्री भागीरथ चौधरी की मौजूदगी में युवाओं ने ली नशा मुक्ति की शपथ, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लाइव संबोधन से लिया प्रेरणा का संदेश।
अजमेर | युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत माय भारत अजमेर और केंद्रीय विश्वविद्यालय राजस्थान, किशनगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को 'नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत' अभियान के तहत भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में करीब 400 युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए नशा मुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लिया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रेरणादायी संबोधन का लाइव प्रसारण भी देखा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता केंद्रीय विश्वविद्यालय राजस्थान के कुलपति प्रो. आनंद भालेराव ने की। आयोजन को सफल बनाने में माय भारत अजमेर के जिला युवा अधिकारी जयेश मीना और राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के कार्यक्रम अधिकारी देवेन्द्र रणकावत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
केंद्रीय मंत्री ने दिलाई नशा मुक्ति की शपथ
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री भागीरथ चौधरी ने सभी उपस्थित युवाओं को नशा मुक्त भारत की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि भारत की सबसे बड़ी ताकत उसका युवा वर्ग है। यदि युवा नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहकर अपनी ऊर्जा शिक्षा, कौशल, नवाचार और राष्ट्र निर्माण में लगाएंगे तो विकसित भारत का सपना निश्चित रूप से साकार होगा। उन्होंने युवाओं से समाज में नशा मुक्ति के संदेशवाहक बनने का आह्वान किया।
गांव-गांव चल रहा है जागरूकता अभियान
जिला युवा अधिकारी जयेश मीना ने मुख्यमंत्री के संदेश और प्रधानमंत्री के राष्ट्रव्यापी आह्वान की जानकारी देते हुए बताया कि अजमेर जिले में माय भारत के स्वयंसेवक गांव-गांव और शिक्षण संस्थानों में नशा मुक्ति को लेकर जनजागरूकता अभियान चला रहे हैं।
उन्होंने बताया कि माय भारत पोर्टल पर ऑनलाइन नशा मुक्ति प्रतिज्ञा, युवा पंजीकरण अभियान और विद्यालयों व महाविद्यालयों में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने युवाओं से किया जनआंदोलन का आह्वान
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का लाइव प्रसारण भी देखा गया। प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार, समाज और राष्ट्र की ऊर्जा को कमजोर करता है।
उन्होंने युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने, अपने मित्रों और परिवार को भी जागरूक करने तथा नशा मुक्ति को जनभागीदारी के माध्यम से जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में नशा मुक्त युवा शक्ति सबसे बड़ी ताकत है।
विश्वविद्यालय सामाजिक परिवर्तन का केंद्र : कुलपति
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्रो. आनंद भालेराव ने कहा कि विश्वविद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना का भी केंद्र होता है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी से नशा मुक्ति जैसे अभियान समाज में व्यापक बदलाव ला सकते हैं।
सफल आयोजन में युवाओं की सक्रिय भागीदारी
कार्यक्रम के सफल आयोजन में महाराणा प्रताप युवा मंडल के संस्थापक मयंक सिंह नेगी का विशेष सहयोग रहा। युवा मंडल की अध्यक्ष मीनाक्षी शर्मा, विश्वविद्यालय परिवार, माय भारत के स्वयंसेवकों, एनएसएस और एनसीसी के स्वयंसेवकों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम का समापन विकसित, स्वस्थ और नशा मुक्त भारत के निर्माण के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ। सभी प्रतिभागियों ने नशे से दूर रहने और समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प दोहराया।