Edited By LUCKY SHARMA, Updated: 04 Aug, 2026 04:47 PM

वार्ड 61 और आसपास के क्षेत्रों में पूरे हुए जनहितकारी कार्य जनता को समर्पित, सुरेश सिंह रावत बोले- विकास कार्यों से जीवन होगा सुविधाजनक और बेहतर
अजमेर। जल संसाधन मंत्री एवं पुष्कर विधायक सुरेश सिंह रावत ने सोमवार को अजमेर शहर के वार्ड संख्या 61 और आसपास के क्षेत्रों में करीब 410.08 लाख रुपये यानी 4.10 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हुए विभिन्न जनहितकारी विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने विकास कार्य क्षेत्रवासियों को समर्पित किए।
लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रवासियों ने मंत्री सुरेश सिंह रावत का 51 किलो की विशाल माला पहनाकर और गदा भेंट कर भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में विकास कार्य करवाने के लिए मंत्री का आभार भी जताया।
मंत्री सुरेश सिंह रावत ने कहा कि विकास केवल निर्माण कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य आमजन के जीवन को अधिक सुविधाजनक, सुरक्षित और बेहतर बनाना है। प्रदेश सरकार की मंशा है कि प्रत्येक मोहल्ले, गांव और वार्ड तक गुणवत्तापूर्ण आधारभूत सुविधाएं पहुंचें, जिससे लोगों के जीवन स्तर में लगातार सुधार हो।
उन्होंने क्षेत्रवासियों की ओर से मिले सम्मान और स्नेह के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि 51 किलो की माला और गदा केवल सम्मान का प्रतीक नहीं हैं, बल्कि जनता के विश्वास, स्नेह और विकास के प्रति सहयोग का परिचायक हैं।
मंत्री ने कहा कि वे जनता के इस विश्वास पर खरा उतरने के लिए क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते रहेंगे।