अजमेर में स्वच्छता पर सख्त हुए के.के. गुप्ता, खाली भूखंडों पर गंदगी मिलने पर सीज और ठेकेदारों पर जुर्माने के निर्देश

Edited By Sourabh Dubey, Updated: 03 Aug, 2026 06:33 PM

cm vision clean cities kk gupta ajmer swachh bharat mission review meeting

अजमेर नगर निगम की समीक्षा बैठक में प्रदेश स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर के.के. गुप्ता ने डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, खाली भूखंडों की सफाई, लेगेसी वेस्ट खत्म करने और सिंगल यूज प्लास्टिक पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

अजमेर। स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के प्रदेश स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर के.के. गुप्ता ने सोमवार को नगर निगम अजमेर में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का विजन है कि राजस्थान का हर शहर स्वच्छता, सुंदरता और बेहतर शहरी प्रबंधन के क्षेत्र में देश के लिए आदर्श मॉडल बने।

बैठक में गुप्ता ने डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, सार्वजनिक सुविधाओं की निगरानी, पर्यावरण संरक्षण और शहर की सफाई व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। इसके बाद उन्होंने राज्य सरकार द्वारा आयोजित शहरी सेवा शिविर का भी निरीक्षण किया।

मुख्यमंत्री के विजन को धरातल पर उतारने के निर्देश

के.के. गुप्ता ने कहा कि राज्य सरकार स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) 2.0 के तहत आधुनिक ठोस कचरा प्रबंधन, गीले और सूखे कचरे का स्रोत पर पृथक्करण, नियमित सफाई, हरित विकास और जनभागीदारी को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि यह नागरिकों की जिम्मेदारी और स्वस्थ समाज की आधारशिला है।

डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण 100 प्रतिशत सुनिश्चित करने के निर्देश

बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि शहर के प्रत्येक घर और व्यावसायिक प्रतिष्ठान से प्रतिदिन नियमित रूप से कचरा संग्रहण सुनिश्चित किया जाए। सभी कचरा संग्रहण वाहनों में जीपीएस ट्रैकिंग अनिवार्य रखने के साथ गीले और सूखे कचरे के लिए अलग-अलग डिब्बों की व्यवस्था करने को कहा गया।

उन्होंने चेतावनी दी कि सफाई कार्य में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों पर आर्थिक दंड लगाया जाए और जवाबदेही तय की जाए।

खाली भूखंडों पर होगी सख्त कार्रवाई

के.के. गुप्ता ने शहर में खाली पड़े भूखंडों पर जमा गंदगी को गंभीर समस्या बताते हुए कहा कि यदि भूखंड मालिक सफाई नहीं कराते हैं तो नगर निगम सफाई करवाकर पूरा खर्च और पेनल्टी उनसे वसूले। लगातार लापरवाही मिलने पर ऐसे भूखंडों को नियमानुसार सीज करने की कार्रवाई भी की जाए।

लेगेसी वेस्ट खत्म करने और प्लास्टिक पर रोक के निर्देश

प्रदेश स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर ने कहा कि शहर में लेगेसी वेस्ट नहीं रहना चाहिए और प्रतिदिन निकलने वाले कचरे का उसी दिन वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया जाए। उन्होंने सिंगल यूज प्लास्टिक पर पूर्ण प्रतिबंध लागू करने और पर्यटन व धार्मिक स्थलों पर विशेष स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

डूंगरपुर मॉडल की सराहना

बैठक के दौरान के.के. गुप्ता ने डूंगरपुर नगर परिषद की स्वच्छता व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि डूंगरपुर ने प्रधानमंत्री के स्वच्छ भारत विजन को प्रभावी तरीके से लागू कर पूरे देश के लिए एक प्रेरणादायक मॉडल प्रस्तुत किया है। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी, प्रशासनिक सक्रियता और प्रभावी नेतृत्व से कोई भी शहर स्वच्छता के सर्वोच्च मानकों तक पहुंच सकता है।

सार्वजनिक शौचालय, पार्क और सीवरेज व्यवस्था पर भी जोर

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर के सभी सार्वजनिक शौचालयों और मूत्रालयों की प्रतिदिन कम से कम तीन बार सफाई हो। पार्कों, उद्यानों, प्रकाश व्यवस्था और बच्चों के खेल उपकरणों का नियमित रखरखाव सुनिश्चित किया जाए। साथ ही सीवरेज परियोजनाओं में सड़क मरम्मत कार्य लंबित नहीं रहने और कहीं भी सीवरेज का पानी खुले में नहीं बहने देने के निर्देश दिए।

अनासागर झील के लिए 20 करोड़ की परियोजना

नगर निगम आयुक्त नित्या ने बैठक में बताया कि अनासागर झील में गंदे पानी की आवक रोकने के लिए राज्य सरकार ने लगभग 20 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है। इस परियोजना के तहत आवश्यक निर्माण कार्य जल्द शुरू किए जाएंगे ताकि बिना उपचारित गंदा पानी झील में न पहुंचे।

शहरी सेवा शिविर का भी किया निरीक्षण

बैठक के बाद के.के. गुप्ता ने राज्य सरकार के शहरी सेवा शिविर का निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में आने वाले प्रत्येक नागरिक को समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि ये शिविर आमजन तक सरकारी योजनाओं का लाभ सरल और त्वरित रूप से पहुंचाने का प्रभावी माध्यम हैं।

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!