भीलवाड़ा में 48 नर्सिंग कर्मचारियों का वेतन अटका, ठेकेदार पर धमकी देने का आरोप

Edited By Kuldeep Kundara, Updated: 16 Feb, 2026 07:52 PM

salary of 48 nursing staff stuck in bhilwara

भीलवाड़ा । महात्मा गांधी अस्पताल एवं आरवीआरएस मेडिकल कॉलेज में प्लेसमेंट एजेंसी के माध्यम से कार्यरत 48 नर्सिंग कर्मचारियों ने जिला कलेक्टर को शिकायत पत्र सौंपकर बकाया वेतन, पीएफ, ईएसआईसी राशि और जॉइनिंग लेटर उपलब्ध कराने की मांग की है।

भीलवाड़ा । महात्मा गांधी अस्पताल एवं आरवीआरएस मेडिकल कॉलेज में प्लेसमेंट एजेंसी के माध्यम से कार्यरत 48 नर्सिंग कर्मचारियों ने जिला कलेक्टर को शिकायत पत्र सौंपकर बकाया वेतन, पीएफ, ईएसआईसी राशि और जॉइनिंग लेटर उपलब्ध कराने की मांग की है। कर्मचारियों का आरोप है कि ठेकेदार की ओर से भुगतान में अनियमितता बरती जा रही है और विरोध करने पर धमकाया जा रहा है।

शिकायत में बताया गया है कि सभी कर्मचारी 1 अगस्त 2022 से ‘महात्मा गांधी श्रमिक ठेका सहकारी समिति लिमिटेड, कोटा’ के माध्यम से नर्सिंग स्टाफ के पद पर कार्यरत थे। हाल ही में इनमें से 10-12 कर्मचारियों को बिना किसी पूर्व सूचना के अचानक कार्यमुक्त कर दिया गया और उनकी जगह नए अभ्यर्थियों को नियुक्त कर दिया गया। कर्मचारियों का कहना है कि जुलाई माह से वेतन, पीएफ और ईएसआईसी का भुगतान लंबित है। वहीं वर्तमान में कार्यरत कर्मचारियों का भी लगभग छह माह का वेतन बकाया बताया जा रहा है। आरोप है कि ठेकेदार आशीष शर्मा से कई बार संपर्क करने के बावजूद भुगतान नहीं किया गया।

शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि अब तक कर्मचारियों को जॉइनिंग लेटर उपलब्ध नहीं कराया गया है। साथ ही पी.एफ. रिकॉर्ड में जॉइनिंग तिथि गलत दर्ज है, जिसे सुधारने के लिए बार-बार आवेदन देने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि शिकायत करने पर उन्हें एक्सपीरियंस सर्टिफिकेट नहीं देने की धमकी दी जाती है और वर्तमान में कार्यरत कर्मचारियों को भी सेवा समाप्ति की चेतावनी दी जा रही है।

प्रार्थीगण ने बताया कि इस संबंध में मेडिकल कॉलेज प्राचार्य को भी अवगत कराया गया, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई  नहीं हुई है। कर्मचारियों ने कलेक्टर से हस्तक्षेप कर ठेकेदार को बकाया भुगतान सुनिश्चित कराने, जॉइनिंग लेटर जारी कराने और मामले में उचित कार्रवाई करने की मांग की है।
 

Related Story

    Trending Topics

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!