प्रताप सिंह खाचरियावास के जन्मदिवस पर जयपुर में उमड़ा जनसैलाब, कांग्रेस कार्यकर्ताओं में दिखी एकजुटता

Edited By Anil Jangid, Updated: 16 May, 2026 08:25 PM

pratap singh khachariyawas on birthday massive public and congress workers suppo

जयपुर। राजस्थान सरकार में पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास के जन्मदिन पर शनिवार को सिविल लाइंस स्थित बालनिवास गार्डन में हजारों लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही जयपुर के अलग-अलग इलाकों से कांग्रेस कार्यकर्ता, समर्थक और आमजन रैलियां एवं...

जयपुर। राजस्थान सरकार में पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास के जन्मदिन पर शनिवार को सिविल लाइंस स्थित बालनिवास गार्डन में हजारों लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही जयपुर के अलग-अलग इलाकों से कांग्रेस कार्यकर्ता, समर्थक और आमजन रैलियां एवं जुलूस बनाकर खाचरियावास हाउस पहुंचते रहे। जन्मदिन के अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया, जिसमें पूरे दिन उत्साह और जनसमर्थन का माहौल देखने को मिला।

 

झूलेलाल मंदिर में भोजन प्रसादी वितरण से कार्यक्रम की शुरूआत
जन्मदिन कार्यक्रम की शुरुआत सुबह मानसरोवर थड़ी मार्केट स्थित झूलेलाल मंदिर में भोजन प्रसादी वितरण से हुई। इसके बाद खाचरियावास सोडाला स्थित प्रसिद्ध वैकुंठनाथ मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने गौसेवा करते हुए गायों को चारा और गुड़ खिलाया तथा पूजा-अर्चना कर गोसेवा का संकल्प लिया।

 

कांग्रेस कार्यकर्ता और आमजन पूरी मजबूती के साथ खड़े
इस अवसर पर खाचरियावास ने कहा कि जन्मदिन पर हजारों लोगों का मिला आशीर्वाद और समर्थन उन्हें नई ऊर्जा और मजबूती प्रदान कर रहा है। उन्होंने कहा कि जयपुर में लोकसभा और विधानसभा चुनाव हारने के बाद विरोधियों को लगा था कि कांग्रेस कमजोर हो गई है, लेकिन आज जिस प्रकार जनता का समर्थन मिला है, उससे साफ है कि कांग्रेस कार्यकर्ता और आमजन पूरी मजबूती के साथ खड़े हैं।

 

राजस्थान की जनता की आवाज बुलंद करेंगे
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में कांग्रेस के सभी नेता और कार्यकर्ता मिलकर राजधानी जयपुर से राजस्थान की जनता की आवाज बुलंद करेंगे और जनसमस्याओं को लेकर संघर्ष को और तेज किया जाएगा। खाचरियावास ने कहा कि जनता पर हो रहे सरकारी जुल्म और आम आदमी की समस्याओं के खिलाफ नए जोश और ऊर्जा के साथ लड़ाई लड़ी जाएगी।

 

कार्यक्रम में दिग्गज कांग्रेस नेता भी हुए शामिल
कार्यक्रम में विधायक रफीक खान, जिला अध्यक्ष सुनील शर्मा, अर्चना शर्मा, गंगा देवी, सुकेन्द्र भारद्वाज, पूर्व मंत्री रघु शर्मा, पूर्व चेयरमैन धर्मेंद्र राठौर, विधायक प्रशांत शर्मा सहित महिपाल सिंह मकराना, शिव सिंह शेखवत करणी सेना के प्रमुख व अन्य समाज के गणमान्य लोग,जयपुर के कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता, पार्षद और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

 

फोन और संदेशों के माध्यम से शुभकामनाएं प्रेषित कीं
जन्मदिन के अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, राजेंद्र राठौड़, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, सचिन पायलट, सुखजिंदर सिंह रंधावा सहित कांग्रेस और भाजपा के कई बड़े नेताओं ने फोन और संदेशों के माध्यम से शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

 

खाचरियावास 18 वर्षों से लगातार कर रहे सेवा कार्य
जयपुर शहर में 25 स्थानों पर शरबत स्टॉल लगाए गए तथा निजी पेट्रोल पंप बालाजी पर विशाल भोजन प्रसादी का आयोजन किया गया। यह सेवा कार्य पिछले 18 वर्षों से लगातार खाचरियावास परिवार द्वारा किया जा रहा है।

 

कांग्रेस कार्यकर्ताओं और सभी शुभचिंतकों का आभार व्यक्त किया
अंत में खाचरियावास ने जयपुर की जनता, कांग्रेस कार्यकर्ताओं और सभी शुभचिंतकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता का यह प्यार और समर्थन मिला उससे अभिभूत है और  जनता ही उनके लिए सबसे बड़ी ताकत है और वे हमेशा जनता की आवाज बनकर संघर्ष करते रहेंगे।

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!