चूरू में कचरे की आड़ में अफीम तस्करी का भंडाफोड़, 12.890 किलो माल बरामद; दो आरोपी गिरफ्तार

Edited By Ishika Jain, Updated: 20 Feb, 2026 05:48 PM

opium smuggling under the guise of garbage busted in churu

राजस्थान के चूरू जिले के सादुलपुर क्षेत्र में पुलिस ने कचरे (स्क्रैप) की आड़ में की जा रही अफीम तस्करी का बड़ा खुलासा किया है।

चूरू/सादुलपुर। राजस्थान के चूरू जिले के सादुलपुर क्षेत्र में पुलिस ने कचरे (स्क्रैप) की आड़ में की जा रही अफीम तस्करी का बड़ा खुलासा किया है। सिद्धमुख थाना पुलिस ने भादरा बाइपास पर नाकाबंदी के दौरान एक ट्रक से 12 किलो 890 ग्राम अफीम बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ रुपये बताई जा रही है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

ऐसे हुआ खुलासा

थानाधिकारी इमरान खान के नेतृत्व में भादरा बाइपास पर नियमित चेकिंग के दौरान राजगढ़ की ओर से आ रहे एक ट्रक को रोका गया। तलाशी लेने पर ट्रक के केबिन में छिपाकर रखी गई अफीम बरामद हुई। ट्रक में ऊपर से स्क्रैप भरा हुआ था ताकि किसी को शक न हो।

जालोर से स्क्रैप, जोधपुर से अफीम

सहायक पुलिस अधीक्षक अभिजीत पाटिल ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी मिश्राराम ने खुलासा किया कि ट्रक जालोर से स्क्रैप भरकर बालोतरा लाया गया था। वहीं मेहराराम जोधपुर से अफीम लेकर बालोतरा पहुंचा। एक अज्ञात व्यक्ति ने मध्यप्रदेश के नीमच से अफीम मंगवाकर जोधपुर में उपलब्ध कराई थी।

पंजाब में होनी थी सप्लाई

योजना के अनुसार, दोनों आरोपी बालोतरा से ट्रक लेकर पंजाब के लिए रवाना हुए थे। वहां पहुंचने के बाद उन्हें सप्लायर से संपर्क कर लोकेशन और रिसीवर का नाम मिलना था। लेकिन सिद्धमुख पुलिस की सतर्कता के चलते उन्हें पंजाब पहुंचने से पहले ही पकड़ लिया गया।

प्रति किलो 10 हजार रुपये तय

पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों को प्रति किलो अफीम सप्लाई पर 10 हजार रुपये मिलने थे। उन्हें बताया गया था कि ट्रक में 6 किलो अफीम है, लेकिन छह पैकेटों में कुल 12.890 किलो अफीम निकली। सप्लाई पूरी होने पर आरोपियों को करीब 1.30 लाख रुपये मिलने थे। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों और सप्लाई चेन की जांच में जुटी है।

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!