Edited By Ishika Jain, Updated: 01 Jul, 2026 10:20 AM

जयपुर चेस अकादमी द्वारा आयोजित शतरंज-ए-जयपुर कप 2026 में कबीर भारती ने 6.5 अंकों के साथ खिताब जीता। प्रतियोगिता में देशभर के 163 खिलाड़ियों ने भाग लिया।
जयपुर। जयपुर चेस अकादमी की ओर से वैशाली नगर स्थित ऑक्सफोर्ड इंटरनेशनल अकैडमी में आयोजित 'शतरंज-ए-जयपुर कप' का खिताब कबीर भारती ने अपने नाम कर लिया। सात चक्रों तक चली इस प्रतियोगिता में कबीर ने 6.5 अंक अर्जित करते हुए पहला स्थान हासिल किया और शानदार प्रदर्शन से चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया।
जयपुर डिस्ट्रिक्ट चेस एसोसिएशन (JDCA) के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं आयोजन सचिव विक्रम सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में देशभर के 163 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, जिनमें 62 रेटेड खिलाड़ी शामिल थे। प्रतियोगिता में कुल 25 हजार रुपये की नकद पुरस्कार राशि वितरित की गई।
टूर्नामेंट कोऑर्डिनेटर जिनेश कुमार जैन के अनुसार अंतिम परिणामों में वीर कुमार, कृतज्ञ सिंह, राज कपूर, अर्णव गुप्ता और ओजस जोशी ने 6-6 अंक अर्जित करते हुए क्रमशः दूसरा से छठा स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों के खिलाड़ियों ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। अंडर-7 गर्ल्स में एकांशी चंदेल, अंडर-7 बॉयज़ में दैविक खुराना, अंडर-9 गर्ल्स में याशिका माहेश्वरी, अंडर-9 बॉयज़ में मेधान्श गुप्ता, अंडर-11 गर्ल्स में संभोधी गुप्ता, अंडर-11 बॉयज़ में अभिवादन भादुका, अंडर-13 गर्ल्स में समृद्धि बिश्नोई, अंडर-13 बॉयज़ में जपनूर सिंह, अंडर-15 गर्ल्स में ध्रुवी शर्मा, अंडर-15 बॉयज़ में शिवम खेतरपाल, महिला वर्ग में भावना भाला तथा वेटरन वर्ग में नवीन तोषणीवाल विजेता रहे। इसके अलावा विभिन्न श्रेणियों के उपविजेताओं और बेस्ट जयपुर चेस अकादमी खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया।
समापन समारोह में राजस्थान सरकार के पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. संजीव मलिक मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विजेताओं को ट्रॉफी एवं पुरस्कार प्रदान किए। प्रतियोगिता के मुख्य निर्णायक सीनियर नेशनल आर्बिटर नारायण जोशी रहे, जबकि उद्घाटन समारोह में ऑक्सफोर्ड इंटरनेशनल अकैडमी की प्राचार्या डॉ. मालनी मलिक मौजूद रहीं।
इस प्रतियोगिता का आयोजन जयपुर चेस अकादमी ने जयपुर चेस क्लब और वाणी चेस क्लब के सहयोग से किया। आयोजकों ने बताया कि इस तरह की प्रतियोगिताओं का उद्देश्य बच्चों और युवाओं में शतरंज के प्रति रुचि बढ़ाना, खेल भावना को प्रोत्साहित करना और राष्ट्रीय स्तर की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मंच उपलब्ध कराना है।