Edited By Afjal Khan, Updated: 12 Mar, 2026 07:25 PM

राजस्थान के जयपुर में युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा अवसर मिलने जा रहा है। भारत सरकार के श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के अंतर्गत नेशनल करियर सर्विस सेंटर फॉर एससी/एसटी की ओर से 2 अप्रैल को रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। यह मेला एस.एस. जैन सुबोध गर्ल्स...
राजस्थान के जयपुर में युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा अवसर मिलने जा रहा है। भारत सरकार के श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के अंतर्गत नेशनल करियर सर्विस सेंटर फॉर एससी/एसटी की ओर से 2 अप्रैल को रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। यह मेला एस.एस. जैन सुबोध गर्ल्स पी.जी. कॉलेज में सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित होगा।
उप प्रादेशिक रोजगार अधिकारी अतुल कुमार सोनू ने बताया कि रोजगार मेले में 20 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियां भाग लेंगी। इनमें आईटी, मैन्युफैक्चरिंग, पॉलीमर, बैंकिंग, केमिकल इंडस्ट्री, ई-कॉमर्स, अकाउंटिंग और एग्रीकल्चर सेक्टर से जुड़ी कंपनियां शामिल होंगी।
पे-रोल आधार पर मिलेगा रोजगार
रोजगार मेले में चयनित अभ्यर्थियों को कंपनियों में पे-रोल आधार पर नौकरी का अवसर दिया जाएगा। चयनित उम्मीदवारों को राज्य सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम वेतनमान के अनुसार वेतन दिया जाएगा।
10वीं से स्नातकोत्तर तक के युवाओं को मौका
यह रोजगार मेला सभी वर्गों के विद्यार्थियों और बेरोजगार युवाओं के लिए खुला रहेगा। इसमें 10वीं, 12वीं, स्नातक, स्नातकोत्तर और तकनीकी योग्यता रखने वाले अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं।
अभ्यर्थी साथ लाएं ये दस्तावेज
रोजगार मेले में आने वाले अभ्यर्थियों को अपने साथ कम से कम 8 बायोडाटा (रिज्यूम), शैक्षणिक प्रमाण पत्र और पासपोर्ट साइज फोटो लेकर आने होंगे। मेले में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रखा गया है।
अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी संबंधित कार्यालय के दूरभाष नंबर 0141-2708915 पर संपर्क कर सकते हैं।