Edited By Ishika Jain, Updated: 26 May, 2026 04:24 PM

राजस्थान में बढ़ती गर्मी और बिजली की मांग को देखते हुए जयपुर विद्युत वितरण निगम (जयपुर डिस्कॉम) अलर्ट मोड पर काम कर रहा है। उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए निगम के अभियंता देर रात तक फील्ड में निगरानी कर रहे हैं।
राजस्थान में बढ़ती गर्मी और बिजली की मांग को देखते हुए जयपुर विद्युत वितरण निगम (जयपुर डिस्कॉम) अलर्ट मोड पर काम कर रहा है। उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए निगम के अभियंता देर रात तक फील्ड में निगरानी कर रहे हैं।
जयपुर डिस्कॉम के सिटी सर्किल उत्तर और दक्षिण में कनिष्ठ अभियंता, सहायक अभियंता और अधिशासी अभियंताओं की विशेष ड्यूटी लगाई गई है। अधिकारी दिनभर कार्यालय में कार्य करने के बाद रात 8 बजे से 11 बजे तक पीक ऑवर्स में विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण कर रहे हैं।
इस दौरान अधिकारी अपने-अपने डिविजन और सब-डिविजन में अधिक लोड वाले जीएसएस, 11 केवी और 33 केवी फीडर, ट्रांसफॉर्मर तथा पिलर बॉक्स की जांच कर रहे हैं। जिन क्षेत्रों में बिजली भार अधिक पाया जा रहा है, वहां लोड को अन्य ट्रांसफॉर्मर या फीडर पर शिफ्ट कर लोड बैलेंसिंग की जा रही है।
निगम के अनुसार बढ़ते बिजली भार को देखते हुए ट्रांसफॉर्मरों की क्षमता बढ़ाने की योजना भी इसी नाइट मॉनिटरिंग अभियान का हिस्सा है। इसके अलावा एफआरटी टीमों की सक्रियता, कंट्रोल रूम के माध्यम से शिकायत निस्तारण और ट्रिपिंग जैसी समस्याओं की निगरानी भी लगातार की जा रही है।
अधिकारियों द्वारा किए गए निरीक्षणों की फोटो और रिपोर्ट सर्किल ऑफिसर्स के ग्रुप में साझा की जा रही है, जिससे शिकायतों के त्वरित समाधान में मदद मिल रही है। निगम का कहना है कि इस व्यवस्था से वोल्टेज उतार-चढ़ाव, ट्रिपिंग और ट्रांसफॉर्मर फुंकने जैसी समस्याओं में कमी आने की उम्मीद है।
जयपुर डिस्कॉम की प्रबंध निदेशक आरती डोगरा के निर्देश पर 18 मई से दोनों सर्किलों में यह विशेष रात्रि निगरानी अभियान शुरू किया गया है।
जयपुर सिटी साउथ सर्किल में करीब 5.25 लाख उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति की जा रही है। इस क्षेत्र में मानसरोवर, सांगानेर, प्रतापनगर, जगतपुरा, आदर्श नगर और सिविल लाइंस जैसे इलाके शामिल हैं। वहीं जयपुर सिटी नॉर्थ सर्किल में करीब 5.92 लाख उपभोक्ता हैं, जिनमें विद्याधर नगर, झोटवाड़ा, मुरलीपुरा, विश्वकर्मा औद्योगिक क्षेत्र और बनीपार्क जैसे क्षेत्र आते हैं।