Edited By Afjal Khan, Updated: 23 Feb, 2026 06:26 PM

डूंगरपुर के बिछीवाड़ा में हाईवे पर लूट की 4 वारदातों का खुलासा। 3 हजार का इनामी और टॉप-10 वांछित आरोपी प्रदीप मीणा गिरफ्तार।
डूंगरपुर जिले के बिछीवाड़ा थाना क्षेत्र में हाईवे पर लगातार हो रही लूट की वारदातों का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। “ऑपरेशन शिकंजा” के तहत चलाए गए विशेष अभियान में पुलिस ने जिले के टॉप-10 वांछित और 3 हजार रुपये के इनामी आरोपी प्रदीप मीणा (21) को गिरफ्तार किया है।
आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए पड़ोसी राज्य गुजरात में ठिकाने बदल-बदल कर छिप रहा था। पुलिस इससे पहले इसी गैंग के तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
जिला पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार ने बताया कि बिछीवाड़ा थाना क्षेत्र में हाईवे पर बढ़ती लूट की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए थानाधिकारी कैलाशचन्द्र सोनी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। तकनीकी और मुखबिर तंत्र की मदद से मुख्य आरोपी को दबोचा गया।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार प्रदीप मीणा के खिलाफ करीब 12 आपराधिक मामले दर्ज हैं और उसे जिले का टॉप-10 अपराधी घोषित किया गया था। अब तक इस गिरोह से जुड़े कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इससे पहले पप्पू उर्फ भूपेन्द्र, विजेश उर्फ विजय और सुनील को भी पकड़ा जा चुका है।
फिलहाल मुख्य आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है, ताकि अन्य संभावित वारदातों और सहयोगियों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।
खुली हुई वारदातें
2 अक्टूबर 2024 – बालदिया गांव: मजदूरी कर लौट रहे युवक से 10 हजार रुपये, बैग और अन्य सामान लूटा गया।
3 मार्च 2025 – रिजवा घाटी सर्विस रोड: बाइक सवार को गिराकर 5 हजार रुपये और बाइक छीन ली गई।
26 फरवरी 2025 – नेशनल हाईवे-48, आमझरा के पास: 8 हजार रुपये, मोबाइल और बाइक लूट ली गई।
3 मार्च 2025 – भेहणा मार्ग: युवक से 3 हजार रुपये लूटकर बदमाश फरार हो गए।