डूंगरपुर में सरकारी इमारतों पर सोलर प्लांट: 14 विभागों में शुरू हुआ बिजली उत्पादन, रोज 1100 यूनिट बन रही बिजली

Edited By Afjal Khan, Updated: 07 Mar, 2026 04:17 PM

dungarpur government buildings solar power generation project

राजस्थान के डूंगरपुर जिले में अक्षय ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए सरकारी विभागों की छतों पर सोलर पैनल लगाए जा रहे हैं। जिले के 14 सरकारी विभागों में अब तक 229 किलोवाट क्षमता के सोलर पैनल लगाए जा चुके हैं, जिनसे प्रतिदिन करीब 1100 यूनिट बिजली का...

राजस्थान के डूंगरपुर जिले में अक्षय ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए सरकारी विभागों की छतों पर सोलर पैनल लगाए जा रहे हैं। जिले के 14 सरकारी विभागों में अब तक 229 किलोवाट क्षमता के सोलर पैनल लगाए जा चुके हैं, जिनसे प्रतिदिन करीब 1100 यूनिट बिजली का उत्पादन हो रहा है। इससे इन विभागों का बिजली बिल लगभग शून्य हो गया है और बिजली खपत में भी कमी आई है।

सरकार बिजली संकट को कम करने और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सोलर ऊर्जा को प्रोत्साहित कर रही है। इसी योजना के तहत जिले के सरकारी विभागों की छतों पर कुल 6000 किलोवाट क्षमता तक सोलर पैनल लगाने का लक्ष्य तय किया गया है। वहीं केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के तहत घरेलू उपभोक्ताओं को 3 किलोवाट तक के सोलर पैनल लगाने पर 78 हजार रुपए तक की सब्सिडी भी दी जा रही है।

बिजली निगम के एसई वीके दोशी के अनुसार यह काम राजस्थान रिन्यूएबल एनर्जी कॉरपोरेशन लिमिटेड (RRECL) के माध्यम से कराया जा रहा है। इसके लिए एजेंसियों को ठेका दिया गया है। डूंगरपुर जिले में प्रताप टेक्नोक्रेट्स कंपनी सोलर पैनल लगाने और उनके रखरखाव का काम देखेगी।

इन विभागों में लगाए गए सोलर पैनल
जिले में सरकारी विभागों की छतों पर उनकी जरूरत और बिजली खपत के आधार पर सोलर पैनल लगाए जा रहे हैं। बिजली निगम के एसई कार्यालय, मीटर विंग और पूरे परिसर में 44 किलोवाट क्षमता के सोलर पैनल लगाए गए हैं। वहीं महारावल स्कूल परिसर की छत पर 49 किलोवाट का सोलर प्लांट स्थापित किया गया है।

इसके अलावा रिजर्व पुलिस लाइन, महिला पुलिस बैरक और महिला थाना परिसर में 17-17 किलोवाट क्षमता के तीन पैनल लगाए गए हैं। पीडब्ल्यूडी विभाग, सहकारी समिति, सदर थाना और एक्सईएन ऑफिस क्वालिटी कंट्रोल पीडब्ल्यूडी में भी 17-17 किलोवाट के सोलर पैनल लगाए गए हैं।

इन सभी पैनलों से प्रतिदिन करीब 1100 यूनिट बिजली का उत्पादन हो रहा है, जिससे विभागों को बिजली बिल से राहत मिल रही है और दिन में बिजली कटौती की समस्या भी काफी हद तक कम हुई है।

35 अन्य विभागों में भी जल्द शुरू होगा उत्पादन
अधिकारियों के अनुसार जिले के 35 अन्य सरकारी विभागों की छतों पर सोलर पैनल लगाने के लिए ढांचा तैयार कर लिया गया है। अगले एक महीने में इन स्थानों पर भी पैनल स्थापित कर बिजली उत्पादन शुरू कर दिया जाएगा।

मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल में सबसे बड़ा प्लांट
डूंगरपुर मेडिकल कॉलेज और श्री हरिदेव जोशी जिला अस्पताल की छत पर करीब 700 किलोवाट क्षमता का सबसे बड़ा सोलर प्लांट लगाया गया है। यह परियोजना केंद्र सरकार की योजना के तहत स्थापित की गई है।

इस प्लांट से अस्पताल में बिजली की समस्या काफी हद तक दूर हुई है। पहले अस्पताल का हर महीने बिजली बिल 10 लाख रुपए से अधिक आता था, लेकिन सोलर प्लांट लगने के बाद इस खर्च में भारी कमी आई है।

 

Related Story

    Trending Topics

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!