धौलपुर में भीषण गर्मी का कहर: 46 डिग्री पहुंचा तापमान, हाईवे पर पसरा सन्नाटा

Edited By Ishika Jain, Updated: 19 May, 2026 04:20 PM

dholpur temperature reaches 46 degree heatwave highway deserted

राजस्थान के धौलपुर जिले में गर्मी लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है। मंगलवार को जिले का अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि एक दिन पहले भी पारा 45 डिग्री के आसपास बना हुआ था। भीषण गर्मी और तेज लू के कारण आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो...

राजस्थान के धौलपुर जिले में गर्मी लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है। मंगलवार को जिले का अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि एक दिन पहले भी पारा 45 डिग्री के आसपास बना हुआ था। भीषण गर्मी और तेज लू के कारण आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।

दोपहर के समय शहर से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग NH-44 और NH-11B पर सन्नाटा दिखाई दिया। आमतौर पर व्यस्त रहने वाले इन मार्गों पर तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण वाहनों की आवाजाही काफी कम रही। लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकलते नजर आए।

तेज गर्मी से बचने के लिए बाहर निकलने वाले लोग चेहरे और सिर को कपड़े से ढककर चलते दिखाई दिए। कई जगह राहगीर और वाहन चालक पेड़ों की छांव में रुककर राहत लेते नजर आए। दोपहर के समय बाजारों और सड़कों पर भी सामान्य दिनों की तुलना में कम भीड़ दिखाई दी।

गर्मी बढ़ने के साथ शहर में ठंडे पेय पदार्थ, जूस, शिकंजी और पानी की दुकानों पर लोगों की भीड़ बढ़ गई है। अधिकांश लोग सुबह और शाम के समय ही बाहर निकलना सुरक्षित मान रहे हैं।

तेज गर्मी का असर पशु-पक्षियों पर भी साफ देखने को मिल रहा है। जानवर छायादार स्थानों में आराम करते नजर आए, जबकि पक्षी पानी की तलाश में इधर-उधर भटकते दिखाई दिए।

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में और इजाफा हो सकता है। चिकित्सकों ने लोगों को दोपहर के समय धूप से बचने, अधिक मात्रा में पानी पीने और लू से बचाव के लिए जरूरी सावधानियां अपनाने की सलाह दी है।

Related Story

    Trending Topics

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!