डूंगरपुर में कांग्रेस का हल्ला बोल प्रदर्शन, गैस सिलेंडर लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे कार्यकर्ता

Edited By Afjal Khan, Updated: 12 Mar, 2026 06:37 PM

congress protest against lpg price hike in dungarpur

राजस्थान के डूंगरपुर में घरेलू रसोई गैस और कमर्शियल सिलेंडरों की बढ़ती कीमतों के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी ने कलेक्ट्रेट के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन डूंगरपुर विधायक और कांग्रेस जिलाध्यक्ष गणेश घोगरा के नेतृत्व में हुआ, जिसमें बड़ी...

राजस्थान के डूंगरपुर में घरेलू रसोई गैस और कमर्शियल सिलेंडरों की बढ़ती कीमतों के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी ने कलेक्ट्रेट के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन डूंगरपुर विधायक और कांग्रेस जिलाध्यक्ष गणेश घोगरा के नेतृत्व में हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और कलेक्ट्रेट के बाहर सरकार का पुतला फूंका। कई कार्यकर्ता अपने साथ गैस सिलेंडर लेकर पहुंचे और उसे बढ़ती महंगाई के प्रतीक के रूप में दिखाते हुए विरोध जताया।

गैस सिलेंडर के साथ किया विरोध प्रदर्शन

प्रदर्शन के दौरान विधायक गणेश घोगरा ने कहा कि तथाकथित “डबल इंजन” की सरकार ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडरों की कीमतों में बढ़ोतरी से मध्यम और निम्न वर्ग के परिवारों का बजट पूरी तरह बिगड़ गया है।

होटल और ढाबा कारोबार पर असर

घोगरा ने कहा कि कमर्शियल गैस के दाम बढ़ने और आपूर्ति प्रभावित होने से जिले के होटल और ढाबा कारोबार भी प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों पर भी सवाल उठाए।

अन्य मुद्दों पर भी सरकार को घेरा

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यूपीए सरकार के दौरान जब गैस की कीमतों में मामूली बढ़ोतरी होती थी, तब भाजपा नेता सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करते थे, लेकिन आज जनता की परेशानियों पर चुप्पी साधे हुए हैं।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने मनरेगा में कथित धांधली, बुजुर्गों की पेंशन में रुकावट और राशन वितरण व्यवस्था को लेकर भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा।

आंदोलन तेज करने की चेतावनी

कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यह आंदोलन केवल शुरुआत है। यदि केंद्र सरकार ने गैस सिलेंडर की बढ़ी हुई कीमतें जल्द वापस नहीं लीं और आमजन को राहत नहीं दी, तो आने वाले दिनों में कांग्रेस कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर इस आंदोलन को और तेज करेंगे।

Related Story

    Trending Topics

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!