बाड़मेर के पाबूमाली गांव में क्रेन से टूटी 11 केवी लाइन, मोटरें जलीं; ग्रामीणों का धरना

Edited By Sourabh Dubey, Updated: 12 Feb, 2026 07:40 PM

barmer pabumali 11kv line broken by crane farm motors burnt

बाड़मेर जिले के शिव ब्लॉक स्थित पाबूमाली गांव में गुरुवार दोपहर बड़ा हादसा टल गया, जब एक प्राइवेट कंपनी की भारी-भरकम क्रेन 11 केवी बिजली लाइन से टकरा गई।

बाड़मेर। बाड़मेर जिले के शिव ब्लॉक स्थित पाबूमाली गांव में गुरुवार दोपहर बड़ा हादसा टल गया, जब एक प्राइवेट कंपनी की भारी-भरकम क्रेन 11 केवी बिजली लाइन से टकरा गई। हादसे में बिजली का पोल टूटकर गिर गया और लाइन टूटने से खेतों में लगी मोटर व उपकरण जल गए। इससे आक्रोशित ग्रामीणों ने मौके पर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया।

घटना गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे की बताई जा रही है।

 क्रेन में अटकी लाइन, पोल टूटा

जानकारी के अनुसार शिव उपखंड के पाबूमाली गांव में विंड प्रोजेक्ट का कार्य एक निजी कंपनी द्वारा किया जा रहा है। कंपनी की भारी क्रेन मौखाब जीएसएस से पाबूमाली फीडर जाने वाली 11 केवी लाइन के नीचे से गुजर रही थी। इसी दौरान क्रेन बिजली लाइन से अटक गई, जिससे पोल टूटकर गिर पड़ा।

गनीमत रही कि क्रेन में करंट नहीं फैला और बड़ा हादसा टल गया।

किसानों के उपकरण जले, ग्रामीणों का विरोध

लाइन टूटने से किसानों के कृषि कुओं पर लगे मोटर पंप और अन्य उपकरण जल गए। इससे नाराज ग्रामीणों ने क्रेन को रुकवाकर धरना शुरू कर दिया और नुकसान की भरपाई की मांग की।

सूचना मिलने पर डिस्कॉम अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत की। ग्रामीणों ने मांग रखी कि नुकसान की भरपाई के साथ गांव के सरकारी स्कूल को आर्थिक सहयोग दिया जाए।

कंपनी के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी

डिस्कॉम के एसई अशोक मीना ने बताया कि स्थानीय लोगों से सूचना मिलते ही अधिकारियों को मौके पर भेजा गया। प्राइवेट कंपनी के खिलाफ मामला दर्ज करवाने के निर्देश दिए गए हैं और नियमानुसार जुर्माना लगाया जाएगा।

ग्रामीणों और कंपनी के बीच सरकारी स्कूल में आर्थिक सहयोग को लेकर सहमति बनने के बाद धरना समाप्त कर दिया गया।

सुरक्षा मानकों पर उठे सवाल

इस घटना ने निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों के पालन पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि भारी मशीनरी के संचालन में पर्याप्त सावधानी नहीं बरती जा रही, जिससे जनहानि का खतरा बना रहता है। फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा है।
 

Related Story

    Trending Topics

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!