बाड़मेर में गैस सिलेंडर की कीमतों और किल्लत पर कांग्रेस का प्रदर्शन, कलेक्ट्रेट पर चढ़कर किया विरोध, पीएम मोदी का पुतला फूंका

Edited By Sourabh Dubey, Updated: 13 Mar, 2026 05:29 PM

barmer congress protest gas cylinder price hike

राजस्थान के बाड़मेर में घरेलू गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों और कथित किल्लत को लेकर कांग्रेस ने शुक्रवार को जिला कलेक्ट्रेट के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता दो गैस सिलेंडर, चूल्हा और लकड़ियां लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे और...

बाड़मेर। राजस्थान के बाड़मेर में घरेलू गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों और कथित किल्लत को लेकर कांग्रेस ने शुक्रवार को जिला कलेक्ट्रेट के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता दो गैस सिलेंडर, चूल्हा और लकड़ियां लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

कांग्रेस कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट गेट के बाहर लगाए गए बेरिकेट्स पर गैस सिलेंडर और लकड़ियां लेकर चढ़ गए और विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला भी फूंका गया।

गैस सिलेंडर की कीमत और किल्लत को लेकर विरोध

दरअसल, पिछले कुछ दिनों से घरेलू गैस सिलेंडर की बढ़ी कीमतों और आपूर्ति में कथित कमी को लेकर विपक्ष लगातार सरकार पर निशाना साध रहा है। इसी क्रम में बाड़मेर कांग्रेस ने जिला कलेक्ट्रेट के सामने एक दिवसीय धरना दिया।

धरना स्थल पर प्रदर्शनकारियों ने प्रतीकात्मक रूप से दो घरेलू गैस सिलेंडरों के ऊपर चूल्हा और लकड़ियां रखकर विरोध जताया। इसके बाद प्रदर्शनकारी गैस सिलेंडर और चूल्हा लेकर कलेक्ट्रेट गेट तक पहुंचे और वहां सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

सिलेंडर लेकर बेरिकेट्स पर चढ़े कार्यकर्ता

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसी हाथों में तख्तियां लेकर कलेक्ट्रेट गेट पर पहुंचे। कई कार्यकर्ता गैस सिलेंडर लेकर बेरिकेट्स पर चढ़ गए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। इस दौरान कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर माहौल कुछ देर के लिए तनावपूर्ण हो गया।

सरकार के पास कोई ठोस नीति नहीं – कांग्रेस

कांग्रेस जिलाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह गोदारा ने कहा कि पूरे देश में गैस सिलेंडर को लेकर लोगों में परेशानी है, लेकिन सरकार के पास इस समस्या को हल करने के लिए कोई स्पष्ट नीति या रोडमैप नहीं है।

उन्होंने कहा कि यूपीए सरकार के समय वर्ष 2008 में गैस सिलेंडर की कीमत 305 से 415 रुपए के बीच थी, जबकि वर्तमान समय में यह करीब 913 रुपए तक पहुंच चुकी है। उन्होंने यह भी कहा कि चुनाव से पहले सरकार कीमतों में थोड़ी राहत देती है, लेकिन बाद में फिर बढ़ा देती है।

उग्र आंदोलन की चेतावनी

पूर्व विधायक पदमाराम मेघवाल ने कहा कि घरेलू गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाने और कमर्शियल गैस कनेक्शन की बिक्री पर रोक लगाने के विरोध में यह प्रदर्शन किया गया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों से मजदूर, किसान और गरीब वर्ग सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं निकाला गया तो कांग्रेस आगामी दिनों में उग्र आंदोलन करेगी।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे और उन्होंने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए गैस सिलेंडर की कीमतों में कमी और आपूर्ति व्यवस्था सुधारने की मांग की।

Related Story

    Trending Topics

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!