Edited By Anil Jangid, Updated: 27 Mar, 2026 07:42 PM

बारां: राजस्थान के बारां जिले में कृषि उपज मंडी के विस्तार को लेकर लंबे समय से चल रही प्रक्रिया अब जमीन पर उतरती नजर आ रही है। मंडी को 508 बीघा तक विस्तारित करने की योजना बनाई गई है, जिसके तहत चरणबद्ध तरीके से भूमि अधिग्रहण किया जाएगा। इससे किसानों...
बारां: राजस्थान के बारां जिले में कृषि उपज मंडी के विस्तार को लेकर लंबे समय से चल रही प्रक्रिया अब जमीन पर उतरती नजर आ रही है। मंडी को 508 बीघा तक विस्तारित करने की योजना बनाई गई है, जिसके तहत चरणबद्ध तरीके से भूमि अधिग्रहण किया जाएगा। इससे किसानों और व्यापारियों दोनों को बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है।
वर्तमान में बारां कृषि मंडी करीब 272 बीघा भूमि पर संचालित हो रही है, लेकिन लगातार बढ़ते कृषि उत्पादन के चलते यह अब छोटी पड़ने लगी है। इसी को ध्यान में रखते हुए पहले चरण में लगभग 36 बीघा भूमि अधिग्रहित की जाएगी। इसके बाद मंडी की भंडारण क्षमता में करीब 1 लाख कट्टों तक की बढ़ोतरी होने का अनुमान है।
दूसरे चरण में करीब 200 बीघा निजी भूमि के अधिग्रहण की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी। इस विस्तार के बाद मंडी क्षेत्र में कुल मिलाकर करीब 508 बीघा का विशाल परिसर विकसित किया जाएगा। बारां जिले में लगभग 3.5 लाख हेक्टेयर कृषि योग्य भूमि है, जहां रबी और खरीफ दोनों सीजन में बड़े पैमाने पर फसल उत्पादन होता है।
राज्य सरकार द्वारा 20 प्रतिशत भूमि विकसित कर देने के प्रस्ताव पर सहमति जताने के बाद अब इस परियोजना को गति मिलने की उम्मीद बढ़ गई है। जैसे ही प्रशासन को औपचारिक आदेश प्राप्त होंगे, अधिग्रहण और विकास कार्य शुरू कर दिए जाएंगे।
मंडी व्यापार संघ के अध्यक्ष मनीष लश्करी के अनुसार, बारां मंडी में पारदर्शी व्यवस्था और अच्छे भाव मिलने के कारण मध्य प्रदेश के किसान भी यहां अपनी उपज बेचने आते हैं। लेकिन सीजन के दौरान अधिक आवक के चलते कई बार नीलामी रोकनी पड़ती है, जिससे किसानों को परेशानी होती है।
इस परियोजना के पूरा होने के बाद न केवल किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए बेहतर प्लेटफॉर्म मिलेगा, बल्कि व्यापारियों को भी पर्याप्त स्थान और सुविधाएं मिलेंगी। इससे कृषि व्यापार को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
करीब एक दशक से लंबित इस योजना को पहले भूमि विवाद और कोर्ट में स्टे के कारण अटकना पड़ा था। अब भूस्वामियों और प्रशासन के बीच सहमति बनने के बाद इस परियोजना के साकार होने की उम्मीद तेज हो गई है।
कुल मिलाकर, बारां कृषि मंडी का यह विस्तार क्षेत्र के कृषि विकास के लिए एक अहम कदम साबित होगा, जिससे हजारों किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।